सेमीफाइनल की जंग में बड़ा दांव, क्या संजू सैमसन बनेंगे ट्रंप कार्ड?

चेपॉक में टी20 मैच के दौरान बल्लेबाजी करते संजू सैमसन
सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए टीम इंडिया में बदलाव की चर्चा, संजू सैमसन को मिल सकता है मौका।

अभिषेक शर्मा को ब्रेक देते। उनकी जगह संजू सैमसन को मौका देते

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया के सामने आज करो या मरो की स्थिति है। सुपर-8 के अहम मुकाबले में भारत को जिम्बाब्वे पर हर हाल में बड़ी जीत चाहिए। क्योंकि साउथ अफ्रीका से मिली हार ने समीकरण बिगाड़ दिए हैं। अगर भारत यह मैच हारता है, तो सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो सकता है। मैच चेन्नई के चेपॉक मैदान पर खेला जाएगा। ऐसे में प्लेइंग इलेवन में बदलाव की चर्चा तेज है। सबसे बड़ा सवाल ओपनिंग को लेकर है।

सहवाग की दो टूक सलाह

पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अगर वह टीम मैनेजमेंट में होते, तो अभिषेक शर्मा को ब्रेक देते। उनकी जगह संजू सैमसन को मौका देते। सहवाग ने क्रिकबज पर कहा कि यह ऐसा मैच है, जहां बदलाव किया जा सकता है। क्योंकि हार का मतलब टूर्नामेंट से बाहर होना है। इसलिए मौजूदा फॉर्म के आधार पर सबसे मजबूत टीम उतारनी चाहिए।

अभिषेक का फीका प्रदर्शन

अभिषेक शर्मा का यह वर्ल्ड कप निराशाजनक रहा है। उन्होंने चार मैचों में सिर्फ 15 रन बनाए हैं। उनका औसत 3.75 है। ग्रुप स्टेज में वह लगातार तीन बार शून्य पर आउट हुए। इसके बाद साउथ अफ्रीका के खिलाफ 12 गेंदों में 15 रन बनाए। हालांकि यह पारी भी टीम को संभाल नहीं सकी। भारत की टॉप ऑर्डर समस्या पहले से चर्चा में है। खराब ओपनिंग का दबाव मिडिल ऑर्डर पर साफ दिख रहा है।

क्या सैमसन बदलेंगे किस्मत?

संजू सैमसन आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं। वह पावरप्ले का फायदा उठाने में सक्षम हैं। चेपॉक की पिच स्पिनरों को मदद करती है, लेकिन शुरुआत में बल्लेबाजी आसान रहती है। ऐसे में टीम मैनेजमेंट बड़ा फैसला ले सकता है। अगर सैमसन को मौका मिलता है और वह चल गए, तो भारत की राह आसान हो सकती है।

अब सबकी नजर कप्तान और कोच के फैसले पर है। सेमीफाइनल का टिकट इसी मुकाबले से तय हो सकता है।

Read More :- 6.8 का ‘डंक’! टी20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया की ओपनिंग सबसे कमजोर