भीलवाड़ा: सांवरिया बस्ती में 10 साल बाद पहुंचा नल का पानी, लोगों में उत्साह

भीलवाड़ा की सांवरिया बस्ती में 10 साल बाद नल से पानी आने पर खुशी मनाते लोग
भीलवाड़ा की सांवरिया बस्ती में एक दशक बाद शुरू हुई पेयजल आपूर्ति

भीलवाड़ा, 23 फरवरी। शहर के मध्य काशीपुरी 100 फीट रोड के आगे वाल्मीकि नगर के पास स्थित सांवरिया बस्ती में आखिरकार 10 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद नल का पानी पहुंच गया। करीब 150 परिवारों की इस बस्ती में वर्षों से पेयजल संकट बना हुआ था। बस्तीवासियों को रोजाना पीने के पानी के लिए दूर-दराज के पनघटों से पानी लाना पड़ता था। इससे समय और धन दोनों की हानि होती थी। महिलाओं और बच्चों को विशेष रूप से भारी परेशानी झेलनी पड़ती थी। कई परिवार मानसिक तनाव में जीवन यापन कर रहे थे।

भागीरथी प्रयासों से मिला समाधान

स्थायी समाधान के लिए भाजपा नेता एवं राजस्थान जन मंच अध्यक्ष कैलाश सोनी ने प्रयास शुरू किए। उनके प्रयासों से भीलवाड़ा शहर विधायक अशोक कोठारी के विधायक कोष से सांवरिया बस्ती की प्रत्येक गली में पाइपलाइन डलवाई गई। इसके बाद बस्तीवासियों को नल कनेक्शन लेने के लिए प्रेरित किया गया और जलदाय विभाग में आवश्यक राशि जमा करवाई गई। हालांकि प्रारंभ में पानी की आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी। बाद में मंच अध्यक्ष ने इस विषय में जलदाय विभाग के अधिशाषी अभियंता किशन खोईवाल को अवगत कराया। उनके सहयोग से अब बस्ती में नियमित पेयजल आपूर्ति शुरू हो गई है।

पहले जल से की भगवान शिव की पूजा

जैसे ही नलों में पानी आया, महिलाओं में खुशी की लहर दौड़ गई। महिलाओं ने “भोलेनाथ” के जयकारे लगाए और नृत्य किया। नलों से आए प्रथम जल का लोटा भगवान शिव को अर्पित किया गया। पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।

क्या बोले कैलाश सोनी

कैलाश सोनी ने कहा कि सांवरिया बस्ती के सभी परिवार अल्प आय वर्ग से हैं और पिछले 10 वर्षों से पेयजल संकट झेल रहे थे। अब स्थायी समाधान होने से आने वाले वर्षों तक घर-घर स्वच्छ पानी उपलब्ध रहेगा। बस्तीवासियों ने इस पहल के लिए जनप्रतिनिधियों और जलदाय विभाग का आभार व्यक्त किया है।

Read More :- परीक्षा देकर लौटी 14 वर्षीय छात्रा पर हमला, रिश्तेदार पर गंभीर आरोप