पुराने शहर में सिटी डिस्पेंसरी के पास से HF Deluxe बाइक ले गए बदमाश, पुलिस से कार्रवाई की मांग
सवाई माधोपुर नगर परिषद क्षेत्र में इन दिनों चोरी की वारदातें लगातार बढ़ रही हैं। मकान, दुकान और मैरिज गार्डन के बाद अब वाहन भी चोरों के निशाने पर हैं। गुरुवार देर शाम पुराने शहर में एक और घटना सामने आई। इस बार बदमाश घर के सामने खड़ी बाइक चुरा कर ले गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। वहीं पीड़ित ने पुलिस से तुरंत कार्रवाई की मांग की है।
CCTV फुटेज में कैद हुई वारदात
यह पूरी घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में एक युवक गले में कपड़ा डाले इधर-उधर घूमता दिखाई देता है। वह पहले आसपास का जायजा लेता है। इसके बाद मौका मिलते ही बाइक स्टार्ट कर फरार हो जाता है। चोरी की यह वारदात रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है। बाइक मालिक राम सिंह शेखावत, निवासी पुराना टीबी अस्पताल (नई सिटी डिस्पेंसरी क्षेत्र), ने बताया कि उनकी HF Deluxe घर के बाहर खड़ी थी। इसी दौरान चोर उसे ले गए। घटना की सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम सवाई माधोपुर को दी गई। हालांकि खबर लिखे जाने तक बाइक बरामद नहीं हो सकी थी।
पहले भी हो चुकी हैं कई चोरियां
गौरतलब है कि हाल ही में पुराने शहर के मुख्य बाजार में भी चोरी की घटना हुई थी। वहीं आलनपुर स्थित एक मैरिज गार्डन से सोने के जेवरात चोरी हुए थे। इन मामलों का अभी खुलासा भी नहीं हुआ था कि एक और वारदात सामने आ गई। लगातार बढ़ रही घटनाओं से लोगों में नाराजगी है। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और जल्द आरोपियों को पकड़ने की मांग की है
