सवाई माधोपुर में दो कार शोरूम में चोरी

Car showroom theft in Sawai Madhopur
सवाई माधोपुर में कार शोरूम में चोरी की वारदात

ताला तोड़कर नगदी ले उड़े चोर, गार्ड को सोता देख टाटा शोरूम से भागे

सवाई माधोपुर शहर में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। गुरुवार अल सुबह भाड़ौती–कोटा मेगा स्टेट हाईवे पर स्थित दो कार शोरूम को चोरों ने निशाना बनाया। चोरों ने किया और हुंडई कार शोरूम के ताले तोड़कर अंदर घुसकर नकदी चोरी कर ली, जबकि टाटा मोटर्स के शोरूम में चोरी का प्रयास गार्ड को सोता देखकर छोड़ दिया। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।

अल सुबह 3 से 5 बजे के बीच हुई वारदात

जानकारी के अनुसार, घटना गुरुवार तड़के करीब 3 से 5 बजे के बीच की है। भाड़ौती रोड पर स्थित कार शोरूम लाइन में चोर पहले टाटा मोटर्स के शोरूम पहुंचे। वहां उन्होंने अंदर घुसने की कोशिश की, लेकिन गार्ड को सोता हुआ देखकर वे बिना चोरी किए आगे बढ़ गए। इसके बाद चोरों ने पास ही स्थित हुंडई और किया कार शोरूम को अपना निशाना बनाया।

ताले तोड़कर शोरूम में घुसे चोर

हुंडई शोरूम के जनरल मैनेजर प्रदीप चौधरी ने बताया कि चोरों ने शोरूम के मुख्य ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद काउंटर और अन्य जगहों की तलाशी ली। चोर हुंडई और किया शोरूम से करीब 15-15 हजार रुपए नकद चुराकर फरार हो गए। घटना के बाद सुबह जब स्टाफ शोरूम पहुंचा, तब चोरी का पता चला।

CCTV फुटेज में दिखे तीन चोर

चोरी की पूरी घटना शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में सुबह करीब 3 बजकर 33 मिनट पर तीन चोर शोरूम के अंदर घुसते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में चोर काउंटर और दराजों में पैसे तलाशते नजर आ रहे हैं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान और तलाश शुरू कर दी है।

पहले भी हो चुकी है बड़ी चोरी

शोरूम प्रबंधन ने बताया कि इससे पहले 27 अगस्त 2024 की रात भी हुंडई शोरूम में बड़ी चोरी हो चुकी है। उस समय चोर अलमारी का ताला तोड़कर करीब 9 लाख 80 हजार रुपए नकद ले उड़े थे। उस घटना के बाद शोरूम में नगदी रखना लगभग बंद कर दिया गया था। बावजूद इसके एक बार फिर चोरी की वारदात होने से शोरूम संचालकों में चिंता बढ़ गई है।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आसपास के इलाकों के सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में भय का माहौल है।

Read More :- देश का ‘आर्थिक रिपोर्ट कार्ड’ संसद में पेश