घना कोहरा छाया, विजिबिलिटी 50 मीटर तक घटी, दो सप्ताह तक ठंड की आशंका
सवाई माधोपुर में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। बुधवार सुबह शहर और आसपास के इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। इसके कारण विजिबिलिटी घटकर करीब 50 मीटर तक रह गई। सुबह के समय सूरज के दर्शन नहीं हो सके। सड़कों पर चल रहे वाहन धीमी रफ्तार से चलते नजर आए। आमजन को रोजमर्रा के कामों में भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बारिश और ओलावृष्टि के बाद बदला मौसम
मंगलवार रात सवाई माधोपुर में बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई थी। इसके बाद मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिला। मंगलवार शाम भी कई इलाकों में ओले गिरे, जिससे वातावरण में ठंडक और बढ़ गई। बारिश और ओलावृष्टि के कारण हवा में नमी बढ़ी, जिसका असर बुधवार सुबह घने कोहरे के रूप में दिखाई दिया।
सुबह कोहरे से ढका रहा शहर
बुधवार सुबह पूरा शहर कोहरे की चादर में लिपटा नजर आया। मुख्य सड़कों के साथ-साथ रिहायशी इलाकों में भी दृश्यता बेहद कम रही। कई जगहों पर विजिबिलिटी 50 मीटर तक सिमट गई। इसके चलते सुबह की आवाजाही प्रभावित रही और लोग घरों से निकलने में सतर्क नजर आए।
तापमान में आई गिरावट
ओलावृष्टि और बारिश के बाद तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। न्यूनतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की कमी आई है। बुधवार को अधिकतम तापमान 19 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले मंगलवार को अधिकतम तापमान 23 और न्यूनतम 13 डिग्री रहा था। तापमान में गिरावट के कारण ठंड का असर साफ तौर पर बढ़ गया है।
एक सप्ताह में बदला तापमान का मिजाज
पिछले एक सप्ताह में तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। सोमवार को अधिकतम 23 और न्यूनतम 9 डिग्री दर्ज हुआ। रविवार को अधिकतम 22 और न्यूनतम 9 डिग्री रहा। शनिवार को अधिकतम 18 और न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस रहा। शुक्रवार को अधिकतम 22 और न्यूनतम 8 डिग्री दर्ज किया गया।
अगले दो सप्ताह तक तेज सर्दी के आसार
मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार और शुक्रवार को भी सवाई माधोपुर में कोहरा छाए रहने की संभावना है। विशेषज्ञों का कहना है कि आगामी एक से दो सप्ताह तक तेज सर्दी पड़ सकती है। इस दौरान न्यूनतम तापमान में और गिरावट आने की आशंका है। लोगों को ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनने और वाहन चलाते समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
