सवाई माधोपुर: जिला कलक्टर ने विकास कार्यों और संपर्क पोर्टल की समीक्षा

Sawai Madhopur district collector review meeting
कलेक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों की समीक्षा करते जिला कलक्टर

बजट घोषणाओं, सड़क, बिजली-पानी और जनकल्याण योजनाओं पर दिए सख्त निर्देश

सवाई माधोपुर, 27 जनवरी। जिला कलक्टर काना राम की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजस्थान संपर्क पोर्टल, बजट घोषणाओं, विकास कार्यों तथा बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा और चिकित्सा जैसी आवश्यक सेवाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बजट घोषणाओं और विकास कार्यों की समीक्षा

बैठक के दौरान जिला कलक्टर ने आदर्श आंगनबाड़ी केंद्रों, चकचैनपुरा हवाई पट्टी की चारदीवारी मरम्मत, स्मार्ट सिटी योजना और अन्य विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इसके साथ ही भगवतगढ़ से हथडोली मार्ग पर बनास नदी की रपट और सूरवाल-कुस्तला बाईपास निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता हरिसिंह मीना को स्पष्ट निर्देश दिए कि 22 करोड़ रुपये की लागत से शहर में चल रहे सभी सड़क निर्माण कार्य मार्च 2026 तक शत-प्रतिशत पूरे किए जाएं। वहीं उपखण्ड अधिकारी गौरव मित्तल को कुस्तला–सवाई माधोपुर सड़क चौड़ाईकरण के लिए आवश्यक प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया।

कामकाजी महिलाओं के लिए सुविधाओं पर जोर

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उप निदेशक मनोज गहलोत को निर्देश दिए गए कि सार्वजनिक निर्माण विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर जिले में कामकाजी महिलाओं के लिए हॉस्टल और पेइंग गेस्ट हाउस निर्माण की संभावनाओं पर आवश्यक कार्यवाही की जाए।

संपर्क पोर्टल: त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश

राजस्थान संपर्क पोर्टल पर दर्ज परिवादों को लेकर जिला कलक्टर ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी न्यूनतम समय में परिवादों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करें और आमजन को वास्तविक राहत मिले। उन्होंने निर्देश दिए कि जिला से ब्लॉक स्तर तक के अधिकारी प्रतिदिन कम से कम 10 परिवादियों से सीधे संवाद कर निस्तारण की स्थिति का सत्यापन करें। असंतोषजनक निस्तारण पाए जाने पर तुरंत पुनः कार्यवाही की जाए और क्रॉस वेरिफिकेशन रिपोर्ट समय पर ई-मेल से भेजी जाए।

ग्राम उत्थान शिविर और जनकल्याणकारी योजनाएं

ग्लोबल राजस्थान एग्री-टेक मीट-2026 के तहत प्रत्येक गिरदावर सर्किल पर आयोजित ग्राम उत्थान शिविरों में आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर अधिक से अधिक लाभान्वित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, प्रतिदिन दिए गए लाभ का डेटा पोर्टल पर अपलोड करने पर जोर दिया गया।

पशु बीमा, युवा स्वरोजगार और सौर ऊर्जा

जिला कलक्टर ने पशुपालन एवं राज्य बीमा प्रावधायी निधि विभाग को आपसी समन्वय से मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना का लाभ पात्र पशुपालकों तक पहुंचाने को कहा। मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत जिला उद्योग केंद्र को पॉलिटेक्निक कॉलेज और आईटीआई संस्थानों में शिविर आयोजित कर व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए गए। इसके अलावा पीएम सूर्यघर योजना के अंतर्गत सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने के लिए पंजीकरण और आवेदन प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए गए।

चिकित्सा सेवाओं की समीक्षा

जिला चिकित्सालय और गंगापुर सिटी में हिमोडायलिसिस सुविधा को लेकर प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. तेजराम मीना को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।

बैठक में ये रहे मौजूद

बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर संजय शर्मा, अधीक्षण अभियंता विद्युत विभाग बीएल मीना, संयुक्त निदेशक कृषि राकेश कुमार अटल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Read More :- महिला कांस्टेबल की अश्लील तस्वीरें और वीडियो वायरल