हाथ में गोली लगने से हड्डी फ्रैक्चर, आरोपी फरार; जयपुर SMS रेफर
राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले में साइड नहीं देने को लेकर हुआ मामूली विवाद अचानक जानलेवा बन गया। खंडार उपखंड क्षेत्र में सोमवार शाम एक बाइक सवार बदमाश ने टेंपो ड्राइवर पर फायरिंग कर दी। गोली ड्राइवर के हाथ में लगी, जिससे उसकी हड्डी टूट गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना सोमवार शाम करीब 7 बजे बालेर रोड स्थित परसीपुरा मोड़ के पास हुई। घायल को पहले खंडार हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर सवाई माधोपुर जिला अस्पताल और फिर जयपुर SMS अस्पताल रेफर किया गया।
साइड देने की बात पर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, बहरावंडा कला निवासी उत्तम मीणा (27) पुत्र मुरारी मीणा सोमवार शाम टेंपो लेकर बालेर रोड से गुजर रहा था। इसी दौरान एक बाइक सवार युवक ने टेंपो के आगे बाइक लगाकर रास्ता रोक लिया। आरोपी ने खुद को सतीश गुर्जर बताते हुए धमकी भरे लहजे में कहा कि वह उसे जानता नहीं है। इसके बाद आरोपी ने कई बार टेंपो के आगे बाइक लगाकर जानबूझकर रास्ता रोका। इसी बीच टेंपो का हल्का सा टच बाइक से हो गया। इस पर आरोपी और भड़क गया और टेंपो ड्राइवर पर जानबूझकर टक्कर मारने का आरोप लगाने लगा।
कमर से निकाली बंदूक, हाथ पर मारी गोली
टेंपो ड्राइवर उत्तम ने बताया कि उसने हॉर्न बजाकर रास्ता साफ करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी और उग्र हो गया। विवाद बढ़ते ही बाइक सवार ने कमर से छोटी बंदूक निकाली और सीधे उत्तम के हाथ पर गोली चला दी। गोली लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग सहम गए, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया।
टेंपो से पहुंचाया अस्पताल
घटना के समय टेंपो में सवार लाला पुत्र घनश्याम कुम्हार ने घायल उत्तम को तुरंत टेंपो की मदद से खंडार हॉस्पिटल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने गंभीर हालत को देखते हुए रेफर कर दिया।
हाथ में फंसी गोली, हालत गंभीर
डॉक्टरों के अनुसार, गोली उत्तम के हाथ में ही फंसी हुई है, जिससे हड्डी पूरी तरह फ्रैक्चर हो गई। फिलहाल उसका इलाज जयपुर SMS अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
