सवाई माधोपुर में ट्रकों की भीषण टक्कर, तीन की मौत; एक गंभीर घायल

कुस्तला सर्किल के पास ट्रकों की टक्कर के बाद क्षतिग्रस्त वाहन
कोटा-लालसोट हाईवे पर ट्रकों की टक्कर में तीन की मौत

कोटा-लालसोट मेगा हाईवे पर कुस्तला सर्किल के पास हादसा, सब्जी और प्लाई बोर्ड से भरे ट्रक भिड़े

सवाई माधोपुर। जिले के कोटा-लालसोट मेगा स्टेट हाईवे पर गुरुवार रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। कुस्तला सर्किल के पास दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर किया गया है। हादसे के बाद हाईवे पर काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही।

रवांजना डूंगर थाना अधिकारी दिलीप कुमार के अनुसार, एक ट्रक सवाई माधोपुर की ओर से आ रहा था, जबकि दूसरा ट्रक 8 लेन एक्सप्रेस-वे की तरफ से हाईवे पर उतरा था। एक ट्रक में सब्जियां भरी हुई थीं और दूसरे ट्रक में प्लाई बोर्ड लदा हुआ था। रात करीब 11 बजे कुस्तला सर्किल के पास दोनों ट्रकों में जोरदार भिड़ंत हो गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर रवांजना डूंगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। पुलिस ने ट्रकों में फंसे चारों लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया, जहां इलाज के दौरान तीन लोगों ने दम तोड़ दिया।

पुलिस के मुताबिक, मौके से मिले आधार कार्ड के आधार पर दो मृतकों की पहचान सुनील कुमार पांडेय और भवानी के रूप में हुई है। तीसरे मृतक और घायल की पहचान के प्रयास जारी हैं। बताया जा रहा है कि हादसे में एक ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा चालक घटना के बाद फरार हो गया। फरार चालक की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है।

हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया था, जिसे बाद में ट्रकों को हटवाकर यातायात बहाल कर दिया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Read More: गंगापुर सिटी में 18 जनवरी को रक्तदान शिविर, भारत विकास परिषद ने की अपील