शादी समारोह में गहने चोरी करने वाली महिला कोटा से गिरफ्तार
सवाई माधोपुर में शादी समारोह के दौरान हुई सोने के गहनों की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। कोतवाली थाना पुलिस ने एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए आभूषण भी बरामद कर लिए गए हैं। थानाधिकारी मदनलाल के अनुसार 6 फरवरी को हनुमान नगर हाउसिंग बोर्ड निवासी मुकेश कुमार शर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 5 फरवरी को उनकी पुत्री आयुषी का विवाह आलनपुर स्थित आशीर्वाद हवेली मैरिज गार्डन में था।
तोरण के समय भीड़ में की वारदात
शाम करीब 8 से 9 बजे बारात आगमन और तोरण रस्म के दौरान भारी भीड़ थी। इसी दौरान परिवादी की पत्नी सीमा शर्मा के हाथ में मौजूद हैंडबैग से सोने के आभूषण चोरी कर लिए गए। चोरी हुए गहनों में लगभग 12 ग्राम का सोने का हार और करीब 11 ग्राम के झुमके शामिल थे। काफी तलाश के बाद भी आभूषण नहीं मिले। इसके बाद पुलिस में मामला दर्ज कराया गया।
तकनीकी जांच से मिला सुराग
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली थाना पुलिस ने विशेष टीम गठित की। तकनीकी और आसूचना के आधार पर जांच शुरू की गई। पुलिस उप निरीक्षक अनिल कुमार के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी नैना (30) को कोटा से गिरफ्तार किया। आरोपी मूल रूप से भरतपुर जिले की निवासी है।
चोरी के गहने बरामद
गठित टीम में एएसआई लखन, हेड कॉन्स्टेबल भक्तवत्सल, हेड कॉन्स्टेबल कैलाश और महिला कॉन्स्टेबल रानु शामिल थीं। पूछताछ के दौरान आरोपी के पास से चोरी किए गए सोने के गहने बरामद कर लिए गए। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि उसने पहले भी ऐसी वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं।
