शादी समारोह से सोने के जेवर ले भागे चोर, एक ही रात में दो जगह वारदात से दहशत

Theft in wedding ceremony Sawai Madhopur
सवाई माधोपुर में शादी समारोह और मुख्य बाजार में चोरी की घटनाओं से मची दहशत

सवाई माधोपुर में चोरों का कहर, पुलिस गश्त पर उठे सवाल

सवाई माधोपुर नगर परिषद क्षेत्र में गुरुवार रात चोरों ने जमकर आतंक मचाया. कोतवाली थाना क्षेत्र में एक ही रात में दो अलग-अलग चोरी की वारदातें सामने आईं, जिससे शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. पहली वारदात एक शादी समारोह के दौरान हुई, जहां भीड़ का फायदा उठाकर चोर सोने के जेवरात से भरा बैग लेकर फरार हो गए. वहीं दूसरी घटना पुराने शहर के मुख्य बाजार में हुई, जहां चोरों ने एक दुकान का ताला तोड़कर हजारों रुपए का सामान चोरी कर लिया.

शादी समारोह में घुसे चोर, जेवरातों से भरा बैग किया साफ

कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित आशीर्वाद मैरिज गार्डन में हाउसिंग बोर्ड निवासी मुकेश शर्मा की बेटी की शादी का समारोह चल रहा था. गुरुवार शाम करीब 8:30 बजे जैसे ही बारात गार्डन में पहुंची, उसी दौरान चोरों ने भीड़ का फायदा उठाया. चोरों ने बड़ी चालाकी से जेवरातों से भरे बैग की चैन खोली और पूरा बैग लेकर मौके से फरार हो गए.

पीड़ित परिवार के अनुसार चोरी हुए बैग में करीब 25 ग्राम सोने के जेवरात रखे हुए थे. घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी.

सीसीटीवी फुटेज में कैद हुए संदिग्ध

घटना के बाद सामने आए सीसीटीवी फुटेज में तीन संदिग्ध युवक मैरिज गार्डन परिसर में घूमते हुए नजर आए हैं. पीड़ित मुकेश शर्मा ने पुलिस से जल्द आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की मांग की है.

मुख्य बाजार में दुकान का ताला तोड़कर चोरी

इसी रात चोरों ने पुराने शहर के मुख्य बाजार में स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान को भी निशाना बनाया. दुकान मालिक गजेंद्र कुमार ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे जब वे दुकान पहुंचे तो ताला टूटा हुआ था और अंदर सामान बिखरा पड़ा था. चोर दुकान से स्पीकर, लीड, ईयरफोन सहित करीब 30 हजार रुपए का इलेक्ट्रॉनिक्स सामान चोरी कर ले गए.

एक रात में दो वारदातें, पुलिस व्यवस्था पर सवाल

एक ही रात में दो बड़ी चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में आक्रोश है. लोगों का कहना है कि लगातार हो रही चोरी की वारदातों से आमजन खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है. स्थानीय निवासियों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द चोरों को पकड़ने की मांग की है.

Read More :- बजट जन-कल्याणकारी और दूरदर्शी: भाजपा; कहा- मूल उद्देश्य गरीब कल्याण, किसान उत्थान और युवाओं का भविष्य मजबूत करना