तीन मैचों में 11 विकेट, भारत-पाकिस्तान पर किया कहर
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पहले ही दिन से कई धमाकेदार मैच देखने को मिले हैं। छोटे टीमों जैसे यूएसए, नामीबिया और नेपाल ने टॉप रैंकिंग वाले देशों को चौंकाया। इस टूर्नामेंट में कई नए चेहरे अपनी धारदार प्रदर्शन से उभरकर सामने आए हैं। इनमें सबसे ज्यादा चर्चा में हैं अमेरिका के ऑलराउंडर शैडली वैन शल्कविक, जिन्होंने अपनी जबरदस्त गेंदबाजी से बल्लेबाजों के लिए मुश्किलें खड़ी कर दी हैं।
धुरंधरों के बीच चमका अमेरिकी स्टार
टी20 वर्ल्ड कप में जसप्रीत बुमराह और जोफ्रा आर्चर जैसे अनुभवी गेंदबाज खेल रहे हैं। लेकिन इन सबके बीच शैडली ने अपनी किफायती और घातक बॉलिंग से छाप छोड़ी। उन्होंने अब तक तीन मैचों में 11 विकेट झटके हैं। टूर्नामेंट में 21 मुकाबलों के बाद शैडली सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन चुके हैं, जिसमें दो बार चार विकेट लेने की उपलब्धि भी शामिल है। उनकी औसत 6.45 रही है।
भारत-पाकिस्तान के खिलाफ दबदबा
शैडली ने भारत के खिलाफ अपने पहले मुकाबले में भारतीय टॉप ऑर्डर को तहस-नहस कर दिया। पावरप्ले के आखिरी ओवर में ईशान किशन, तिलक वर्मा और शिवम दुबे को आउट किया। चार ओवर में केवल 25 रन देकर चार विकेट झटके। इसके बाद पाकिस्तान के खिलाफ भी कहर बरपाया। उन्होंने 25 रन देकर चार विकेट लिए। शैडली ने सैम अयूब, कप्तान सलमान आगा और शादाब खान के महत्वपूर्ण विकेट लिए। हालांकि टीम को जीत नहीं मिल सकी, लेकिन उनका प्रदर्शन शानदार रहा। नीदरलैंड के खिलाफ शैडली ने तीन विकेट झटके और यूएसए को टूर्नामेंट की पहली जीत दिलाई।
शैडली वैन शल्कविक कौन हैं?
शैडली वैन शल्कविक साउथ अफ्रीका में जन्मे हैं। उनका घरेलू करियर साउथ अफ्रीका में शुरू हुआ और उन्होंने Western Province का प्रतिनिधित्व किया। फर्स्ट क्लास में 2,593 रन और 239 विकेट और लिस्ट ए में 1,113 रन और 26 विकेट झटके। साउथ अफ्रीका की नेशनल टीम में जगह न मिलने के बाद, शैडली 2020 के दशक में अमेरिका चले गए। 2024 टी20 वर्ल्ड कप में भी उन्होंने अमेरिकी टीम के लिए खेला। मेजर लीग क्रिकेट में वे Los Angeles Knight Riders और ILT20 में Abu Dhabi Knight Riders की टीम का हिस्सा हैं। इंटरनेशनल क्रिकेट में अब तक उन्होंने 13 वनडे और 17 T20I मैच खेले हैं।
