जयपुर के SKIT कॉलेज को बम से उड़ाने की धमकी

जयपुर के SKIT कॉलेज में बम धमकी के बाद पुलिस सर्च ऑपरेशन
धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद पुलिस और बम निरोधक दस्ता कैंपस में जांच करता हुआ।

ई-मेल के बाद कैंपस खाली, पुलिस और बम निरोधक दस्ता सर्च में जुटा

जयपुर के जगतपुरा स्थित स्वामी केशवानंद इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी मैनेजमेंट एंड ग्रामोत्थान (SKIT) कॉलेज को बुधवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी मिली। इसके बाद कॉलेज परिसर में हड़कंप मच गया। दरअसल, कॉलेज प्रशासन को एक धमकी भरा ई-मेल प्राप्त हुआ। ई-मेल में दावा किया गया कि कैंपस में RDX बम लगाए गए हैं। साथ ही तय समय पर विस्फोट करने की बात कही गई।

एहतियातन खाली कराया गया पूरा कैंपस

सूचना मिलते ही प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई की। पहले सभी छात्रों और स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद पूरे कैंपस को खाली करा दिया गया। इधर, सूचना मिलते ही राजस्थान पुलिस, दमकल विभाग और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंच गया। टीम ने हर बिल्डिंग और संवेदनशील स्थानों की गहन जांच शुरू की। पुलिस अधिकारियों के अनुसार फिलहाल किसी संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि सुरक्षा के मद्देनजर सर्च ऑपरेशन जारी है।

ई-मेल में दी गई गंभीर धमकी

ई-मेल में लिखा गया कि सुबह 11:45 बजे कॉलेज में 6 RDX बम फटेंगे। इसमें C-4 RDX से तैयार IED लगाने का भी दावा किया गया। साथ ही रिमोट कंट्रोल से विस्फोट की बात कही गई। मेल में कुछ विवादित और भड़काऊ बातें भी लिखी गईं। पुलिस ने पूरे कंटेंट को गंभीरता से लिया है। हालांकि प्राथमिक जांच में यह धमकी फर्जी भी हो सकती है।

मेल भेजने वाले की तलाश

फिलहाल साइबर टीम ई-मेल भेजने वाले की पहचान और लोकेशन ट्रेस करने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि इससे पहले भी शैक्षणिक संस्थानों को इस तरह के धमकी भरे मेल मिल चुके हैं। इसके बावजूद किसी भी तरह का जोखिम नहीं लिया जा रहा। सुरक्षा एजेंसियां हर एंगल से जांच कर रही हैं। जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

Read More :- 900 करोड़ जल जीवन मिशन घोटाला: 9 अफसर 3 दिन के रिमांड पर