शटर तोड़कर एक करोड़ के मोबाइल पार, CCTV में कैद वारदात
पाली जिले के सोजत में बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। काका चौराहे पर स्थित हरिकृष्णा मोबाइल शॉप से करीब एक करोड़ रुपए के मोबाइल चोरी हो गए। नकाबपोश बदमाश शटर तोड़कर दुकान में घुसे। फिर 100 से ज्यादा मोबाइल लूटकर फरार हो गए। यह घटना शुक्रवार तड़के की है। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
12 मिनट में अंजाम दी वारदात
पुलिस के अनुसार वारदात सुबह 3:43 से 3:55 बजे के बीच हुई। बदमाशों ने सरिये से शटर उठाया। फिर दो आरोपी अंदर घुसे। जबकि तीन बदमाश बाहर रैकी करते रहे। सोजत थाने के सब इंस्पेक्टर Gopalsingh Rathore ने बताया कि कुल 4 से 5 बदमाशों के शामिल होने की आशंका है। चोरी के बाद आरोपियों ने कैमरे पर स्प्रे भी किया। हालांकि उससे पहले उनकी गतिविधियां रिकॉर्ड हो चुकी थीं।
राहगीर ने दी सूचना
सुबह करीब 9 बजे एक राहगीर ने दुकान का शटर टेढ़ा देखा। उसने तुरंत दुकानदार ईश्वर वैष्णव को सूचना दी। सूचना मिलते ही दुकानदार मौके पर पहुंचे। दुकान के अंदर सामान बिखरा पड़ा था। गल्ले से नकदी भी गायब थी।
आईफोन-सैमसंग समेत 100 से ज्यादा मोबाइल चोरी
दुकानदार के अनुसार चोर आईफोन, सैमसंग और मैक्स प्रो सीरीज के 100 से अधिक मोबाइल ले गए। चोरी हुए मोबाइल की कीमत करीब एक करोड़ रुपए आंकी गई है। इसके अलावा करीब 2.50 लाख रुपए नकद भी चोरी हो गए। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में भीड़ जमा हो गई। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। जांच शुरू कर दी गई है।
एफएसएल टीम जुटी जांच में
पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया। साथ ही एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। जल्द ही गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है।
