अमेरिका और इंग्लैंड के छह खिलाड़ी अब भी क्लियरेंस की प्रतीक्षा में, विदेश मंत्रालय स्तर पर प्रक्रिया जारी
नई दिल्ली। आगामी आईसीसी पुरुष टी-20 विश्व कप से पहले वीज़ा से जुड़ा एक अहम मुद्दा सामने आया है। पाकिस्तानी मूल के चार अमेरिकी और दो इंग्लिश क्रिकेटर भारत यात्रा के लिए अब भी वीज़ा मंज़ूरी का इंतज़ार कर रहे हैं। इन खिलाड़ियों में अमेरिका के अली खान, शयान जहांगीर, मोहम्मद मोहसिन और एहसान आदिल, जबकि इंग्लैंड के आदिल राशिद और रेहान अहमद शामिल हैं।
सूत्रों के अनुसार, अमेरिकी खिलाड़ी इस समय श्रीलंका में मौजूद हैं और उन्होंने कोलंबो स्थित भारतीय उच्चायोग में तय समय पर वीज़ा अपॉइंटमेंट की सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं। आईसीसी से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि आवश्यक दस्तावेज़ पहले ही जमा कर दिए गए थे, लेकिन विशेष श्रेणी के मामलों में अतिरिक्त प्रशासनिक समीक्षा एक सामान्य प्रक्रिया होती है।
इंग्लैंड के आदिल राशिद और रेहान अहमद को भी इसी कारण फिलहाल भारत आने की अनुमति नहीं मिल पाई है, जिससे वे इस सप्ताह टीम के साथ तैयारियों में शामिल नहीं हो सके। हालांकि इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ECB) को भारत सरकार की ओर से यह आश्वासन दिया गया है कि वीज़ा आवेदनों पर कोई आपत्ति नहीं है, केवल प्रक्रिया में समय लग रहा है।
पाकिस्तानी मूल के खिलाड़ियों के वीज़ा मामलों में परंपरागत रूप से बहु-स्तरीय जांच होती रही है। इससे पहले भी मोईन अली, शोएब बशीर और उस्मान ख्वाजा जैसे अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी इसी प्रक्रिया से गुजर चुके हैं। आईसीसी सूत्रों का कहना है कि यह प्रोटोकॉल विश्व कप में शामिल सभी टीमों के ऐसे खिलाड़ियों पर समान रूप से लागू किया जाएगा।
