तिरंगे के सामने कैमरे की ओर क्यों घूमीं टीना डाबी? गणतंत्र दिवस वीडियो ने खड़ा किया बड़ा सवाल

ध्वजारोहण के बाद सलामी या 360 डिग्री घूमना? वायरल वीडियो पर सोशल मीडिया में छिड़ी प्रोटोकॉल बहस

गणतंत्र दिवस समारोह में उठा विवाद

बाड़मेर। गणतंत्र दिवस जैसे गरिमामयी राष्ट्रीय पर्व पर जब देशभर में तिरंगे को सलामी दी जा रही थी, उसी दौरान बाड़मेर से एक ऐसा वीडियो सामने आया जिसने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी। बाड़मेर जिला कलेक्टर और चर्चित आईएएस अधिकारी टीना डाबी का ध्वजारोहण के बाद का 30 सेकंड का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद लोग सवाल कर रहे हैं कि क्या उन्होंने राष्ट्रध्वज को सलामी देना भूल गईं या फिर कैमरे की ओर अधिक ध्यान दे रही थीं।

क्या दिखा वायरल वीडियो में

मुख्य समारोह के दौरान टीना डाबी ने पूरे सम्मान के साथ तिरंगा फहराया। माहौल देशभक्ति से भरा हुआ था। आम तौर पर ध्वजारोहण के तुरंत बाद अधिकारी सावधान की मुद्रा में खड़े होकर झंडे की ओर सलामी देते हैं। लेकिन वायरल क्लिप में देखा गया कि झंडा फहराने के बाद टीना डाबी तिरंगे की ओर न देखकर अपनी जगह पर 360 डिग्री घूमने लगीं। इस दौरान उनका रुख नीचे खड़े लोगों और मीडिया कैमरों की ओर दिखाई दिया।

सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं

वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। कई यूजर्स ने इसे प्रोटोकॉल का उल्लंघन बताया। कुछ लोगों ने तंज कसते हुए कहा कि “झंडे से पहले कैमरे को सलामी दी जा रही है।” वहीं, कुछ यूजर्स ने यह भी लिखा कि एक जिला कलेक्टर से ऐसे राष्ट्रीय अवसर पर अतिरिक्त सावधानी की उम्मीद की जाती है।

बचाव में भी आए समर्थक

हालांकि, आलोचना के बीच कुछ लोगों ने टीना डाबी का बचाव भी किया। समर्थकों का कहना है कि संभव है वह यह देख रही हों कि फूलों की वर्षा सही तरीके से हुई या नहीं। कुछ का तर्क है कि वह चारों दिशाओं में मौजूद लोगों का अभिवादन स्वीकार कर रही थीं। लेकिन आलोचकों का कहना है कि समय और क्रम सबसे अहम होता है।

क्या कहता है फ्लैग कोड

फ्लैग कोड ऑफ इंडिया और प्रशासनिक प्रोटोकॉल के अनुसार ध्वजारोहण के तुरंत बाद राष्ट्रगान शुरू होता है। इस दौरान ध्वज फहराने वाले व्यक्ति को झंडे की ओर मुख करके सावधान की स्थिति में खड़े रहना होता है। ऐसे समय में इधर-उधर घूमना या ध्यान भटकना प्रोटोकॉल के खिलाफ माना जा सकता है।

क्यों बढ़ा विवाद

टीना डाबी सिर्फ एक आईएएस अधिकारी नहीं, बल्कि सोशल मीडिया पर युवाओं की रोल मॉडल भी हैं। ऐसे में उनका हर सार्वजनिक कदम चर्चा में आ जाता है। यह घटना जानबूझकर की गई थी या अनजाने में हुई चूक, यह स्पष्ट नहीं है। लेकिन इतना तय है कि इस वीडियो ने गणतंत्र दिवस की गरिमा के बीच एक नया विवाद खड़ा कर दिया है।

Read More :- संवैधानिक प्रतिनिधित्व बनाम संस्थागत नियम: सोशल जस्टिस और UGC एक्ट पर छिड़ी राष्ट्रीय बहस