युद्ध की धमकी के बाद ट्रंप का यू-टर्न, ईरान को कहा ‘Thank You’, आखिर क्यों बदले US राष्ट्रपति के सुर?

डोनाल्ड ट्रंप और ईरान को लेकर बड़ा कूटनीतिक बयान
ईरान को लेकर बदले डोनाल्ड ट्रंप के सुर, कूटनीतिक संकेत तेज

800 से ज्यादा फांसी की सजा रद्द होते ही बदला ट्रंप का रुख, कूटनीतिक हलचल तेज

वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और ईरान के बीच लंबे समय से जारी तनाव के बीच एक चौंकाने वाला मोड़ सामने आया है। ईरान को कभी कड़े प्रतिबंध और युद्ध की धमकी देने वाले ट्रंप ने अब ईरानी नेतृत्व को सार्वजनिक रूप से ‘धन्यवाद’ कहा है। इस अप्रत्याशित बयान ने वैश्विक राजनीति में हलचल मचा दी है।

दरअसल, ईरान सरकार ने हालिया विरोध प्रदर्शनों के दौरान गिरफ्तार किए गए 800 से अधिक लोगों की फांसी की सजा रद्द करने का फैसला लिया है। इसी फैसले का स्वागत करते हुए राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर लिखा,
“मैं इस बात का सम्मान करता हूं कि ईरान के नेतृत्व ने 800 से ज्यादा तय फांसियों को रद्द कर दिया। धन्यवाद!”

विशेषज्ञों का मानना है कि यह बयान ट्रंप की अब तक की सख्त नीति से बिल्कुल अलग है। इससे पहले ट्रंप प्रशासन ईरान पर मानवाधिकार उल्लंघन, परमाणु कार्यक्रम और क्षेत्रीय अस्थिरता को लेकर बेहद आक्रामक रुख अपनाए हुए था।

ईरान में हाल के महीनों में आर्थिक संकट और सरकारी नीतियों के खिलाफ हुए प्रदर्शनों ने हिंसक रूप ले लिया था। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, इन प्रदर्शनों में 2,000 से ज्यादा लोगों की मौत हुई और 10,000 से अधिक लोग गिरफ्तार किए गए।

शुरुआत में ट्रंप ने प्रदर्शनकारियों का खुला समर्थन किया था और ईरान को गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी थी। ऐसे में अब उनका यह सकारात्मक संदेश सवाल खड़े कर रहा है कि क्या अमेरिका और ईरान के बीच पर्दे के पीछे कोई कूटनीतिक बातचीत चल रही है?

विश्लेषकों के अनुसार, यह कदम अंतरराष्ट्रीय दबाव कम करने और भविष्य की बातचीत के संकेत के तौर पर देखा जा सकता है।

Read More :- Weather & Pollution: दिल्ली में कोहरा, ठंड और प्रदूषण का डबल अटैक, हवा बेहद खराब श्रेणी में