इमाम के बयान के बाद कार्रवाई की मांग, महाकाल थाने में शिकायत
मध्यप्रदेश के उज्जैन में राष्ट्रगीत वंदे मातरम को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद हिंदू संगठनों ने विरोध जताया है। इसके बाद महाकाल पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। मामला इमाम मुफ्ती सैय्यद नासिर अली नदवी के बयान से जुड़ा है। केंद्र सरकार द्वारा जारी नए दिशा-निर्देशों में सरकारी कार्यक्रमों और स्कूलों में वंदे मातरम के गायन को आवश्यक बताया गया है। इसी पर प्रतिक्रिया देते हुए नदवी ने इसे धार्मिक स्वतंत्रता के खिलाफ बताया। बयान सामने आते ही विवाद बढ़ गया।
पहले भी दर्ज हो चुका है मामला
शिकायतकर्ता रितेश माहेश्वरी ने आरोप लगाया कि राष्ट्र गौरव से जुड़े विषय पर टिप्पणी कर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि बीते वर्ष सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर भी संबंधित व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज हो चुका है।
सांप्रदायिक तनाव की आशंका
संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि गृह मंत्रालय के दिशा-निर्देशों का सार्वजनिक विरोध कर अनावश्यक विवाद खड़ा किया गया। उनका आरोप है कि इससे सांप्रदायिक तनाव की स्थिति बन सकती है। उज्जैन धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से संवेदनशील शहर है। इसलिए शांति व्यवस्था बनाए रखना जरूरी है।
निष्पक्ष जांच की मांग
हिंदू संगठनों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि यदि बयान कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाला पाया जाए तो विधिसम्मत कार्रवाई की जाए। साथ ही भविष्य में किसी भी संभावित तनाव को रोकने के लिए निगरानी बढ़ाने की अपील की गई है। फिलहाल पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर ली है। प्रशासन का कहना है कि तथ्यों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
