निवेश और रोज़गार को नई दिशा देने जापान दौरे पर मुख्यमंत्री
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सिंगापुर के बाद अपने दो दिवसीय दौरे पर जापान पहुंच गए हैं। टोक्यो एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत किया गया। उनके साथ प्रदेश के औद्योगिक मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने जापान पहुंचने की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं। उन्होंने लिखा— “Landed in Tokyo, Japan… उगते सूरज की नवोन्मेषी भूमि को प्रभु श्री राम की पावन धरा के ‘आदित्य’ का नमस्कार…” जापान दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने टोक्यो में Mitsui & Co. के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। उन्होंने चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर काजुकी शिमिजु के साथ निवेश संभावनाओं पर चर्चा की। इसके अलावा, Konoike Transport Co., Ltd. के अधिकारियों से भी बैठक की गई। बैठक में लॉजिस्टिक पार्क, वेयरहाउसिंग और मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट जैसे क्षेत्रों पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कंपनियों को उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने नवीकरणीय ऊर्जा, सेमीकंडक्टर, आईसीटी और डेटा सेंटर क्षेत्र में संभावनाओं को रेखांकित किया।
भारत-जापान संबंधों का सांस्कृतिक उल्लेख
सीएम योगी ने अपने संबोधन में भारत और जापान के ऐतिहासिक संबंधों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारत भगवान राम और भगवान बुद्ध की पावन भूमि है। कपिलवस्तु, सारनाथ, श्रावस्ती और कुशीनगर जैसे प्रमुख स्थल उत्तर प्रदेश में स्थित हैं। उन्होंने सूर्यवंश परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि सूर्य की पहली किरण जापान से प्रारंभ होती है। इसलिए भारत और जापान का रिश्ता विशेष है।
यूपी बना देश का सबसे तेज़ बढ़ता राज्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का सबसे तेज़ी से बढ़ने वाला राज्य है। प्रदेश की 25 करोड़ आबादी इसे एक बड़ा बाजार बनाती है। उन्होंने बताया कि यूपी में 56 प्रतिशत आबादी वर्किंग फोर्स है। राज्य में 27 इंडस्ट्रियल पार्क, 16 घरेलू और 4 अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट संचालित हैं। जल्द ही नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट शुरू होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 11 प्रतिशत कृषि योग्य भूमि है, जबकि उत्पादन 25 प्रतिशत है। फूड प्रोसेसिंग और इंफ्रास्ट्रक्चर में अपार संभावनाएं हैं। मुख्यमंत्री 25 और 26 फरवरी को जापान में रहेंगे। इस दौरान वे भारतीय मूल के लोगों को संबोधित करेंगे। साथ ही कई अन्य कंपनियों और निवेशकों से भी मुलाकात करेंगे। यह दौरा उत्तर प्रदेश में निवेश और रोजगार सृजन के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।
Read More :- एकनाथ शिंदे ने सलमान खान से की बात, सलीम खान की सेहत में सुधार
