IMD Alert: 48 घंटे में 6 डिग्री तक गिरेगा तापमान, कई जिलों में येलो अलर्ट जारी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट लेने की तैयारी कर ली है। कहीं घना कोहरा तो कहीं गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिलेगा। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने प्रदेश के कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है। बदलते मौसम के चलते अगले 48 घंटों में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना जताई गई है।
पश्चिमी यूपी में कोहरे का कहर
लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र के अनुसार 28 जनवरी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में घना कोहरा छाया रहेगा। दृश्यता 100 से 500 मीटर तक सिमट सकती है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने की आशंका है। इसी कारण मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। 29 जनवरी को भी पश्चिमी यूपी के कई इलाकों में कोहरे का असर बना रह सकता है।
पूर्वी यूपी में बारिश और तेज हवाएं
पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों में कोहरे के साथ-साथ बारिश और तेज हवाओं का भी अनुमान लगाया गया है। 28 जनवरी को हरदोई, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, बहराइच, बाराबंकी, श्रावस्ती, गोंडा, अयोध्या, बलरामपुर, बस्ती, सिद्धार्थनगर, संतकबीरनगर, गोरखपुर, महाराजगंज, कुशीनगर और देवरिया में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इससे तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है।
इन जिलों में रहेगा घना कोहरा
मथुरा, अलीगढ़, हाथरस, आगरा, प्रयागराज, ललितपुर, झांसी, महोबा, हमीरपुर, कानपुर, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, फतेहपुर, इटावा, औरैया, कन्नौज, मैनपुरी, एटा और फर्रुखाबाद में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। सुबह और देर रात के समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
कुछ जिलों में राहत की खबर
हालांकि सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बागपत, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर और बरेली में मौसम साफ रहने और धूप निकलने की संभावना जताई गई है, जिससे लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिल सकती है।
लखनऊ और नोएडा का ताज़ा हाल
लखनऊ में बुधवार को बादल छाए रहेंगे और हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। न्यूनतम तापमान करीब 11 डिग्री और अधिकतम 20 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। नोएडा में सुबह हल्का कोहरा रह सकता है, जबकि दिन में मौसम सामान्य रहेगा।
30 जनवरी से फिर बदलेगा मौसम
बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव के अनुसार 30 जनवरी से नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा। इसके असर से तापमान में एक बार फिर उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।
