मंत्री विजय शाह का बड़ा बयान: बोले- मीडिया वाले मुझसे जलते हैं

Vijay Shah addressing program in Khandwa
खंडवा मेडिकल कॉलेज कार्यक्रम में मंत्री विजय शाह

खंडवा कार्यक्रम में तंज, मेडिकल कॉलेज और सुप्रीम कोर्ट केस भी चर्चा में

खंडवा मेडिकल कॉलेज कार्यक्रम में दिया बयान

जनजातीय कार्य विभाग के मंत्री विजय शाह एक बार फिर अपने बयान को लेकर चर्चा में आ गए हैं। गुरुवार को वे खंडवा मेडिकल कॉलेज में फॉरेंसिक साइंस पर आयोजित इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे थे। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने मीडिया को लेकर विवादित टिप्पणी की। मंत्री विजय शाह ने कहा कि मीडिया वाले उनसे जलते हैं। यह बयान देते ही माहौल में हलचल देखने को मिली।

सरकारी योजनाओं का जिक्र और मीडिया पर तंज

मंत्री शाह ने मंच से मेडिकल छात्रों के लिए चलाई जा रही सरकारी योजनाओं का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि उनके विभाग ने इस साल 14 छात्रों की फीस भरी है। हर छात्र को 37-37 लाख रुपए की सहायता दी गई है। मंत्री ने कहा कि उनके पास सभी बच्चों की लिस्ट मौजूद है। इसके बाद उन्होंने अपने पीए को लिस्ट देते हुए कहा कि इसे मीडिया वालों को दे दो, क्योंकि मीडिया वाले मुझसे जलते हैं।

डीन की मांग पर कसा तंज

कार्यक्रम के दौरान मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. संजय दादू ने अस्पताल निर्माण की समस्या उठाई। उन्होंने बताया कि आईटीआई कॉलेज के पीछे 14 एकड़ जमीन आवंटित है, लेकिन बजट मंजूर नहीं हो पाया है। इस पर मंत्री विजय शाह ने तंज कसते हुए कहा कि आपने छह साल बाद इस डाकिये को बुलाया है। अब यह डाकिया आपकी मांग सरकार तक पहुंचाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि कॉलेज का नाम पूर्व सांसद नंदकुमार सिंह चौहान के नाम पर रखा गया है, जिसमें उनकी भी बड़ी भूमिका रही है।

बस और एमआरआई सुविधा की घोषणा

मेडिकल छात्रों ने अस्पताल तक आने-जाने में दिक्कत की बात रखी। इस पर मंत्री शाह ने मार्च महीने तक एक बस दिलाने का आश्वासन दिया। उन्होंने डीन से बस के ड्राइवर और डीजल की व्यवस्था लिखित में देने को कहा। वहीं, डॉक्टरों ने अस्पताल में एमआरआई सुविधा की कमी बताई। मंत्री ने कहा कि आउटसोर्स के माध्यम से जल्द एमआरआई सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

सुप्रीम कोर्ट केस से बढ़ीं मुश्किलें

ऑपरेशन सिंदूर की ब्रीफिंग देने वाली कर्नल सोफिया कुरैशी पर दिए गए बयान को लेकर विजय शाह की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। सुप्रीम कोर्ट ने सरकार को अभियोजन की मंजूरी पर दो हफ्ते में फैसला लेने का निर्देश दिया है। कोर्ट ने शाह की ऑनलाइन माफी पर नाराजगी जताते हुए कहा कि अब बहुत देर हो चुकी है। एसआईटी की रिपोर्ट में उनके पुराने विवादित बयानों का भी जिक्र किया गया है। मामले की अगली सुनवाई फरवरी के पहले सप्ताह में होगी।

पहले भी विवादों में रह चुके हैं मंत्री

मंत्री विजय शाह इससे पहले भी कई विवादित बयान दे चुके हैं। एक बार तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की पत्नी पर टिप्पणी के कारण उन्हें पद छोड़ना पड़ा था। हाल ही में लाड़ली बहना योजना को लेकर भी उनके बयान पर विवाद हुआ था। अब एक बार फिर उनका बयान राजनीतिक और कानूनी चर्चा का विषय बना हुआ है।

Read More :- भारतीय रेलवे का बड़ा फैसला: 24 कोचों के साथ दौड़ेगी ‘महा-वंदे भारत’