वोटर लिस्ट से नाम कटवाने की साजिश का आरोप, पूर्व पार्षद की थाने में शिकायत; भाजपा BLA के भाई पर फर्जी फॉर्म भरने का दावा

Former councillor files complaint over voter list name deletion in Jaipur
जयपुर में पूर्व पार्षद ने वोटर लिस्ट से नाम हटाने की साजिश को लेकर लालकोठी थाने में शिकायत दी।

SIR प्रक्रिया में सामने आया गंभीर मामला

राजस्थान में चल रही विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के दौरान मतदाता सूची से नाम हटाने की कथित साजिश का मामला सामने आया है। जयपुर पूर्व के आदर्श नगर विधानसभा क्षेत्र से जुड़े इस प्रकरण ने राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल मचा दी है। वार्ड संख्या 89 से पूर्व निर्वाचित पार्षद अकबरद्दीन ने इस संबंध में पुलिस थाना लालकोठी में लिखित शिकायत दर्ज करवाई है।

फर्जी फॉर्म-7 भरकर नाम हटाने का आरोप

पूर्व पार्षद अकबरद्दीन ने आरोप लगाया है कि उनके नाम को वोटर लिस्ट से हटाने के उद्देश्य से फर्जी और कूटरचित फॉर्म संख्या-7 भरा गया। उन्होंने बताया कि उनका नाम बूथ संख्या 107, सांगानेरी गेट की मतदाता सूची में क्रम संख्या 692 पर दर्ज है। उनका EPIC नंबर MCM 3202645 है। SIR प्रक्रिया के तहत उन्होंने बीएलओ द्वारा दिया गया परिगणना प्रपत्र समय पर और नियमानुसार भरकर जमा करवा दिया था।

BLO ने दी फर्जी आवेदन की जानकारी

अकबरद्दीन के अनुसार, 15 जनवरी को जब वे वार्डवासियों के साथ बूथ पर पहुंचे, तो पता चला कि सभी बीएलओ महात्मा गांधी स्कूल, गोल चक्कर आदर्श नगर में बैठक में हैं। वहां बीएलओ पुष्पा ने उन्हें जानकारी दी कि अशोक नामक व्यक्ति ने उनके नाम, मकान नंबर और EPIC नंबर के आधार पर फॉर्म-7 जमा कराया है।

50 वर्षों से एक ही पते पर निवास

शिकायत में कहा गया है कि फॉर्म-7 में यह झूठी घोषणा की गई कि अकबरद्दीन उस पते से अनुपस्थित या स्थायी रूप से स्थानांतरित हो चुके हैं। जबकि सच्चाई यह है कि वे जन्म से उसी पते पर अपने परिवार के साथ रह रहे हैं। मकान संख्या 188 उनके पिता ने करीब 50 वर्ष पूर्व खरीदा था और वर्षों तक वहीं उनका पार्षद कार्यालय संचालित रहा।

भाजपा BLA के भाई पर साजिश का आरोप

पूर्व पार्षद ने आरोप लगाया है कि फॉर्म-7 भरने वाला अशोक, भाजपा बीएलए सुनील का भाई है। दोनों ने मिलकर आपराधिक षड्यंत्र रचते हुए बूथ संख्या 107 पर दर्जनों फर्जी फॉर्म-7 जमा कराए। उनका कहना है कि यह कृत्य मताधिकार छीनने का सुनियोजित प्रयास है।

कठोर कार्रवाई की मांग

अकबरद्दीन ने पुलिस से मांग की है कि मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज कर दोषियों की गिरफ्तारी की जाए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से नाम हटाना लोकतंत्र पर सीधा हमला है और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

Read More :- नितिन नबीन बने BJP के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष, 46 साल पुरानी पार्टी के 12वें प्रेसिडेंट