रॉड से वार कर हत्या, शव जलाकर पहचान मिटाने की कोशिश
यमुनानगर में चर्चित अजय हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। दो साल से फरार चल रहे मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के फैजाबाद निवासी अमित के रूप में हुई है। उसे जगाधरी की शांति कॉलोनी से पकड़ा गया। यह मामला 21 मार्च 2024 का है। बुडिया गेट पुलिस चौकी क्षेत्र में गोल्डन पुरी निवासी अजय की हत्या कर दी गई थी। इसके बाद शव को आग के हवाले कर दिया गया था।
तकनीकी जांच से मिला सुराग
डीएसपी जगाधरी राजीव मिगलानी ने बताया कि मामले में अमित और दो महिलाओं के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया था। दोनों महिलाओं को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। हालांकि मुख्य आरोपी वारदात के बाद से फरार था। पुलिस टीम ने पुराने साक्ष्यों को दोबारा खंगाला। मोबाइल लोकेशन और तकनीकी जांच की गई। इसके बाद गुप्त सूचना मिली कि आरोपी जगाधरी में छिपा है। सूचना मिलते ही शांति कॉलोनी में छापा मारा गया। आरोपी को मौके से काबू कर लिया गया।
रॉड से किया था जानलेवा वार
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने अजय के सिर पर लोहे की रॉड से वार किया था। वार इतना गंभीर था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद शव को ई-रिक्शा में डालकर बुडिया रोड ले जाया गया। वहां कपड़े में बांधकर आग लगा दी गई। आरोपी ने पहचान मिटाने की कोशिश की।
रिमांड पर लेकर पूछताछ जारी
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया है। पूछताछ के दौरान वारदात में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी का प्रयास किया जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है। साथ ही अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
