सिंगर हर्ष बुबका पर रेकी और हथियार उपलब्ध कराने का आरोप, हत्या की थी साजिश
हरियाणा के यमुनानगर में सिटी मॉल और वरयाम सिंह अस्पताल में हुई फायरिंग मामले में जांच के दौरान बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने इस केस में हरियाणवी सिंगर व राइटर हर्ष बुबका समेत अमरेंद्र, सागीर और आदित्य को गिरफ्तार किया है। फिलहाल चारों आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है। पुलिस के अनुसार, मामले की कड़ियां एक बड़े गैंग से जुड़ रही हैं।
पंजाब कनेक्शन भी आया सामने
सीआईए ने आरोपी सागीर की जानकारी पंजाब पुलिस से साझा की है। बताया जा रहा है कि सागीर 10 फरवरी को पंजाब के मोगा में प्रवासी मजदूरों पर हुई फायरिंग में भी वांछित है। बुधवार को पंजाब से क्राइम ब्रांच की टीम यमुनानगर पहुंची। उन्होंने आरोपी को वेरिफाई किया। अब तक एक पिस्टल बरामद की गई है।
हत्या की थी पूरी प्लानिंग
पुलिस जांच में सामने आया है कि हर्ष बुबका करीब दो महीने पहले नोनी राणा गैंग के संपर्क में आया था। गैंग के कहने पर उसने करनाल, फिरोजपुर और कैथल के आरोपियों को मोहाली स्थित अपने फ्लैट में पनाह दी। इतना ही नहीं, आरोप है कि उसने आरोपियों को रेकी कराने में मदद की। साथ ही हथियार भी उपलब्ध कराए। तीन दिन पहले पुलिस ने कुरुक्षेत्र के गांव नैना निवासी हिम्मत सिंह को प्रोडक्शन वारंट पर लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि गैंग ने हिम्मत सिंह और आदित्य को हत्या की जिम्मेदारी सौंपी थी। बताया जा रहा है कि मुलाना और लाडवा में रुकवाकर रेकी कराई गई थी।
फायरिंग के बाद बदली योजना
7 फरवरी की रात सिटी मॉल और वरयाम सिंह अस्पताल में गुरलाल सागर और नितिन ने फायरिंग की थी। अगले दिन पुलिस ने फर्कपुर थाना क्षेत्र में मुठभेड़ के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया। मूल योजना यह थी कि शहर में दहशत फैलाने के लिए कुछ आरोपी फायरिंग करेंगे। वहीं हत्या की वारदात को अन्य आरोपी अंजाम देंगे। हालांकि, गिरफ्तारी के बाद पूरी योजना बदल गई।
फ्लैट से पकड़े गए आरोपी
सीआईए टू ने हर्ष के मोहाली स्थित फ्लैट पर छापेमारी की। वहां से आदित्य के साथ अमरेंद्र और सागीर को भी गिरफ्तार किया गया। इन सभी के खिलाफ फर्कपुर थाना में दर्ज मुठभेड़ केस में कार्रवाई की गई है। साथ ही गिरोहबंदी की धारा भी जोड़ी गई है। अब पुलिस सिटी मॉल और अस्पताल फायरिंग केस में अन्य आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर लेने की तैयारी कर रही है। उनसे पूछताछ के बाद और खुलासे होने की संभावना है।
