युवक की लाश मिली, पास में लहूलुहान हालत में मिली युवती

जयपुर। शहर के मुहाना इलाके में शनिवार सुबह कीरों की ढाणी के पास मुहाना मंडी में एक युवक की लाश मिली। उससे कुछ दूरी पर ही एक युवती लहूलुहान हालत में अचेत पड़ी थी। मामले को पुलिस प्रेम प्रसंग में खुदकुशी के प्रयास से जोड़कर देख रही है। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने युवक की लाश को जयपुरिया अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। वहीं, युवती को महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। फिलहाल, उसकी हालत ठीक नहीं है। उसके होश में आने पर ही वारदात के बारे में पता चल पाएगा। मुहाना थाना पुलिस के अनुसार मृतक युवक के शव की शिनाख्त उत्तर प्रदेश निवासी देशराज के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक युवती भी यूपी की रहने वाली बताई जा रही है। उसका नाम खुशबू है। उसके सिर पर चोट के गंभीर निशान मिले हैं। युवक के शरीर पर मारपीट या चोट के निशान नहीं थे। इससे लग रहा था कि लड़के की मौत विषाक्त पदार्थ के सेवन से हुई है। दोनों मुहाना क्षेत्र में ही रहते थे। युवक, युवती के घर के नजदीक किराए के मकान में रहता था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।