चलती ट्रेन में चढ़ते समय बच्ची गिरी, GRP कॉन्स्टेबल ने प्लेटफॉर्म पर खींचकर बचाई जान

GRP constable saving child from moving train at Gangapur City station
GRP constable saves 12-year-old girl from falling between train and platform

गंगापुर सिटी स्टेशन पर CCTV में कैद हुआ रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा

राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले में एक बड़ी रेल दुर्घटना होते-होते टल गई। गंगापुर सिटी रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन में चढ़ते समय 12 साल की बच्ची का संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन व प्लेटफॉर्म के बीच गिरने लगी। इसी दौरान मौके पर तैनात जीआरपी के कॉन्स्टेबल ने बहादुरी दिखाते हुए बच्ची को प्लेटफॉर्म की ओर खींच लिया, जिससे उसकी जान बच गई। पूरी घटना स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हादसा रविवार रात करीब 9.30 बजे का है। बच्ची अपनी मां के साथ बांद्रा टर्मिनस-हरिद्वार एक्सप्रेस (19019) से कोटा से दिल्ली की यात्रा कर रही थी। ट्रेन गंगापुर सिटी स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर रुकी थी। इसी दौरान मां-बेटी पानी पीने के लिए ट्रेन से नीचे उतरी थीं।

ट्रेन चलने से बिगड़ा संतुलन

थाना जीआरपी गंगापुर सिटी के प्रभारी दलबीर सिंह ने बताया कि पानी पीने के दौरान अचानक ट्रेन चल पड़ी। बच्ची की मां तो किसी तरह ट्रेन में चढ़ गई, लेकिन बच्ची आराध्या ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फिसलने लगी। स्थिति बेहद खतरनाक थी और कुछ ही सेकंड में बड़ा हादसा हो सकता था।

इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात कॉन्स्टेबल रामकेश मीणा ने बिना समय गंवाए बच्ची का हाथ पकड़ लिया और पूरी ताकत से उसे प्लेटफॉर्म की ओर खींच लिया। इस प्रयास में कॉन्स्टेबल खुद भी गिर पड़े, लेकिन बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

चैन पुलिंग से रोकी गई ट्रेन

घटना के तुरंत बाद यात्रियों और रेलवे स्टाफ की मदद से चेन पुलिंग कर ट्रेन को रोका गया। बच्ची को प्राथमिक जांच के लिए देखा गया, जिसमें वह पूरी तरह सुरक्षित पाई गई। इसके बाद उसे उसकी मां के साथ दिल्ली जाने के लिए रवाना कर दिया गया।

CCTV में कैद हुआ साहस

पूरी घटना रेलवे स्टेशन पर लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गई। वीडियो में साफ दिखाई देता है कि किस तरह कुछ सेकंड के भीतर कॉन्स्टेबल ने सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए एक मासूम की जान बचा ली। इस घटना के बाद रेलवे और जीआरपी स्टाफ की तत्परता की सराहना की जा रही है। साथ ही यात्रियों को चलती ट्रेन में चढ़ने-उतरने से बचने की सलाह भी दी गई है।

Read More :- 92 करोड़ मंजूर, फिर भी अधूरी सड़क: जयपुर–करौली सीधी कनेक्टिविटी का सपना टूटा