ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने फहराया तिरंगा, वीरांगनाओं और 76 उत्कृष्ट कार्यकर्ताओं का हुआ सम्मान
पुलिस परेड ग्राउंड में जिला स्तरीय मुख्य समारोह
भरतपुर, 26 जनवरी। जिले में 77वां गणतंत्र दिवस पूरे हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित हुआ, जहां मुख्य अतिथि ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर मार्च पास्ट का निरीक्षण किया और सलामी ली। परेड में राजस्थान पुलिस, सशस्त्र पुलिस, महिला पुलिस, होम गार्ड, एनसीसी, भारत स्काउट एवं गाइड की टुकड़ियों ने अनुशासित कदमताल से समारोह की गरिमा बढ़ाई।
परेड और बैंड ने बांधा समां
पुलिस निरीक्षक कल्याण सिंह के नेतृत्व में आयोजित परेड और परेड कमांडर के निर्देशन में हुए मार्च पास्ट ने दर्शकों को रोमांचित किया। पुलिस बैंड की देशभक्ति धुनों से मैदान देशप्रेम के रंग में रंग गया।
वीरांगनाओं और उत्कृष्ट प्रतिभाओं का सम्मान
मुख्य अतिथि ने शहीदों की 10 वीरांगनाओं को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इसके साथ ही शिक्षा, खेल, सामाजिक सेवा और प्रशासनिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 76 छात्र-छात्राओं, खिलाड़ियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
आर्मी स्कूल कंजोली के विद्यार्थियों ने ‘मेरा रंग दे बसंती चोला’ पर आधारित नृत्य नाटिका प्रस्तुत कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। टीएम स्कूल के छात्रों ने ‘वंदे मातरम’ गीत पर सामूहिक प्रस्तुति दी। वहीं, शहर के 23 विद्यालयों के 1,532 छात्र-छात्राओं ने शारीरिक व्यायाम प्रदर्शन से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
विकास और आत्मनिर्भरता का संदेश
ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने अपने संबोधन में कहा कि भारत प्रधानमंत्री के नेतृत्व में आर्थिक, सैन्य, तकनीकी और वैज्ञानिक क्षेत्रों में तेजी से महाशक्ति बन रहा है। उन्होंने सौर और अक्षय ऊर्जा में आत्मनिर्भरता, रामजल सेतु परियोजना से पूर्वी राजस्थान में जल समस्या के समाधान, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं और पारदर्शी भर्ती प्रक्रियाओं का उल्लेख किया।
विभागीय झांकियों ने दिखाई उपलब्धियां
समारोह में विभिन्न विभागों की झांकियों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया। झांकियों में वन विभाग की झांकी को प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया, जबकि मार्च पास्ट में प्रथम स्थान पाने पर पुलिस बैंड को रनिंग शील्ड से सम्मानित किया गया।
जिलेभर में उत्सव का माहौल
इस अवसर पर पूर्व सांसद पं. रामकिशन, संभागीय आयुक्त नलिनी कठोतिया, आईजी कैलाशचन्द्र विश्नोई, एसपी दिगंत आनन्द सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। जिले के सभी सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों और प्रमुख चौराहों पर तिरंगा फहराया गया और ऐतिहासिक स्थलों को रोशनी व रंगोली से सजाया गया।
