भीलवाड़ा में बेखौफ बदमाशों का तांडव: नेहरू रोड पर दुकान में घुसकर युवक पर जानलेवा हमला, लूट और तोड़फोड़

Bhilwara Nehru Road crime scene shop attack
नेहरू रोड पर दुकान में हुई सरेआम गुंडागर्दी के बाद दहशत का माहौल

व्यस्त बाजार में सरेआम गुंडागर्दी से दहशत, परिवार को गांव छोड़ने की धमकी, पुलिस ने दर्ज किया मामला

नेहरू रोड पर दिनदहाड़े कानून को चुनौती

वस्त्र नगरी भीलवाड़ा में अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते नजर आ रहे हैं। सुभाषनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत शहर की सबसे व्यस्त नेहरू रोड पर बदमाशों ने सरेआम गुंडागर्दी कर कानून व्यवस्था को खुली चुनौती दे दी। दिनदहाड़े एक इलेक्ट्रिक दुकान में घुसकर युवक पर जानलेवा हमला किया गया, दुकान में जमकर तोड़फोड़ की गई और जान से मारने की धमकियां दी गईं। इस वारदात के बाद व्यापारियों और स्थानीय लोगों में भय का माहौल बन गया है।

दुकान में घुसते ही किया हमला

घटना 13 जनवरी की शाम करीब 5 से 6 बजे की है। दांतड़ा निवासी रामकिशन पुत्र लक्ष्मण गाडरी अपनी नेहरू रोड स्थित इलेक्ट्रिक दुकान पर रोज की तरह काम कर रहे थे। तभी ढोकलिया निवासी दुर्गालाल पुत्र देबीलाल गाडरी और राजूलाल पुत्र लादूलाल गाडरी एक साथ दुकान में घुस आए। चश्मदीदों के अनुसार, आरोपियों ने आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और बिना किसी उकसावे के रामकिशन पर जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया।

बेरहमी से मारपीट और लूटपाट

पीड़ित के अनुसार, हमलावरों ने उसे बेरहमी से पीटा, जिससे उसे गंभीर अंदरूनी चोटें आईं। इसके बाद बदमाशों ने दुकान में रखा सामान सड़क पर फेंक दिया, बही-खाते फाड़ दिए और जमकर तोड़फोड़ मचाई। जैसे ही आसपास के लोग शोर सुनकर मौके पर पहुंचे, आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। उन्होंने जाते-जाते कहा कि अगली बार बचने नहीं देंगे।

अस्पताल में भर्ती, फिर भी नहीं रुकी धमकियां

हमले के बाद रामकिशन को गंभीर हालत में महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका दो दिन तक इलाज चला। इसके बावजूद बदमाशों का दुस्साहस कम नहीं हुआ। रिपोर्ट के अनुसार, दो दिन बाद आरोपी दुर्गालाल अपने परिजनों के साथ पीड़ित के ढोकलिया स्थित घर में जबरन घुस आया। वहां पूरे परिवार के साथ मारपीट की गई और गांव छोड़ने की धमकी दी गई। आरोपियों ने चेतावनी दी कि पुलिस में शिकायत की तो पूरे परिवार को खत्म कर देंगे।

परिवार दहशत में, पुलिस से सुरक्षा की मांग

लगातार मिल रही धमकियों से गाडरी परिवार दहशत के साये में जी रहा है। पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा की गुहार लगाई है और अपनी जान को खतरा बताया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सुभाषनगर थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 332(सी), 115(2) और 126(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और जांच जारी है।

Read More :- निम्बाहेड़ा की बेटी श्वेता ने बढ़ाया मान: ‘हुनर है तो कदर है’ प्रतियोगिता में जिला स्तर पर लहराया परचम