BMC चुनाव एग्जिट पोल: भाजपा गठबंधन को बहुमत, 130–150 सीटों का अनुमान

बीएमसी चुनाव के दौरान मुंबई में मतदान करते मतदाता
बीएमसी चुनाव के बाद एग्जिट पोल में भाजपा गठबंधन आगे

तीन एग्जिट पोल में बीजेपी–शिंदे गुट आगे, उद्धव ठाकरे की शिवसेना को 60 सीटें मिलने की संभावना

मुंबई। महाराष्ट्र के 29 नगर निगमों में गुरुवार को मतदान प्रक्रिया पूरी हो गई है। मतदान समाप्त होने के बाद आए बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) के तीन एग्जिट पोल में भारतीय जनता पार्टी और शिवसेना (शिंदे गुट) के गठबंधन को स्पष्ट बहुमत मिलने का अनुमान जताया गया है। एग्जिट पोल के अनुसार भाजपा–शिंदे गठबंधन को 130 से 150 सीटें मिल सकती हैं, जबकि बहुमत का आंकड़ा 114 सीटों का है।

वहीं शिवसेना (यूबीटी) के नेतृत्व वाले गठबंधन को करीब 60 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है। अन्य दलों और निर्दलीयों के खाते में 5 से 7 सीटें जा सकती हैं। बीएमसी चुनाव के नतीजे शुक्रवार को घोषित किए जाएंगे।

राज्य चुनाव आयुक्त दिनेश वाघमारे ने बताया कि सभी नगर निगमों में मतदान शाम 5:30 बजे समाप्त हुआ। शुरुआती अनुमान के अनुसार करीब 50 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है, हालांकि अंतिम आंकड़े बाद में जारी किए जाएंगे।

चार साल देरी से हुए बीएमसी चुनाव

बीएमसी के चुनाव हर पांच साल में होते हैं। पिछला चुनाव वर्ष 2017 में हुआ था और अगला चुनाव 2022 में प्रस्तावित था। लेकिन वार्ड परिसीमन और निर्वाचन प्रक्रिया में बदलाव के चलते चुनाव लगातार टलते रहे। वार्डों की संख्या 227 से बढ़ाकर 236 करने का प्रस्ताव था, जो अंततः लागू नहीं हो सका, जिससे चुनाव में देरी हुई।

सीटों का बंटवारा और गठबंधन

इस बार बीएमसी की कुल 227 सीटों पर चुनाव हुए। भाजपा–शिंदे शिवसेना गठबंधन में भाजपा ने 137 सीटों पर, जबकि शिंदे गुट ने 90 सीटों पर उम्मीदवार उतारे। उधर शिवसेना (यूबीटी) ने महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के साथ गठबंधन किया। कांग्रेस ने वंचित बहुजन आघाड़ी के साथ मिलकर चुनाव लड़ा, जबकि एनसीपी (अजित पवार गुट) ने अकेले मैदान में उतरने का फैसला किया।

Read More: राजस्थान में सर्जरी का नया युग, इटर्नल हॉस्पिटल में शुरू हुई रोबोटिक सर्जरी