BMC चुनाव में वोट करने पहुंचे बॉलीवुड सेलेब्स, सितारों ने निभाया लोकतांत्रिक फर्ज

बीएमसी चुनाव में मतदान करते बॉलीवुड सितारे
बीएमसी चुनाव में वोट डालते बॉलीवुड सेलेब्स

सलमान खान, अक्षय कुमार, रणबीर कपूर, सायरा बानो समेत कई दिग्गजों ने डाला वोट

मुंबई। महाराष्ट्र में बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) सहित राज्य की 29 महानगरपालिकाओं के लिए गुरुवार सुबह 7:30 बजे से मतदान शुरू हो गया है। इस लोकतांत्रिक प्रक्रिया में आम नागरिकों के साथ-साथ बॉलीवुड के कई नामचीन सितारे भी अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए मतदान केंद्रों पर पहुंचे।

बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार अपनी पत्नी ट्विंकल खन्ना के साथ पोलिंग बूथ पहुंचे और वोट डाला। इसके अलावा सलमान खान, रणबीर कपूर, सायरा बानो, जॉन अब्राहम, सुनील शेट्टी, राकेश रोशन, गुलजार, हेमा मालिनी, तमन्ना भाटिया, जुनैद खान और किरण राव भी मतदान करते नजर आए।

अक्षय कुमार ने की मतदान की अपील

वोट डालने के बाद मीडिया से बातचीत में अक्षय कुमार ने कहा,
“आज बीएमसी के लिए मतदान हो रहा है। मुंबईवासी होने के नाते आज रिमोट कंट्रोल हमारे हाथ में है।”
उन्होंने नागरिकों से बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि अगर मुंबई का असली हीरो बनना है, तो सिर्फ बातें नहीं, बल्कि वोट डालना जरूरी है।

ट्विंकल खन्ना ने भी मतदान को नागरिक जिम्मेदारी बताते हुए कहा कि वोट देने से लोगों को अपनी कहानी तय करने की ताकत मिलती है और वह हर चुनाव में मतदान करती हैं।

वोटिंग के बाद मांगी गई मदद

मतदान के बाद जब अक्षय कुमार अपनी गाड़ी की ओर बढ़ रहे थे, तभी एक युवती ने उनसे मुलाकात कर अपने पिता की आर्थिक परेशानी बताई और मदद की गुहार लगाई। इस पर अक्षय ने युवती से अपने स्टाफ को संपर्क नंबर देने को कहा।

Read More: BMC चुनाव एग्जिट पोल: भाजपा गठबंधन को बहुमत, 130–150 सीटों का अनुमान