गंगापुर सिटी। अंतरराष्ट्रीय वैश्य महिला महासम्मेलन, गंगापुर सिटी इकाई की ओर से 12 अक्टूबर को रुक्मणी पैलेस में भव्य डांडिया महोत्सव का आयोजन हर्षोल्लास एवं भक्तिमय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भावना गोयल तथा विशिष्ट अतिथि रतन गुप्ता एवं डॉ. कुसुम गुप्ता रहीं। महोत्सव में वैश्य समाज की 80 से अधिक महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पारंपरिक वेशभूषा में महिलाओं ने गरबा एवं डांडिया की मनमोहक प्रस्तुतियों से पूरे माहौल को भक्तिमय और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर कर दिया।
मां दुर्गा की आराधना के साथ हुई मनमोहक प्रस्तुतियां
महोत्सव में महिलाओं ने डांडिया नृत्य के माध्यम से मां दुर्गा के चरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित की। कार्यक्रम के दौरान गीतांशी मित्तल देवी के स्वरूप में मंच पर विराजित रहीं, जिससे आयोजन की आध्यात्मिक छटा और भी आकर्षक हो गई।
कार्यक्रम की संयोजक मोनिका जैन, ममता गोयल, आकांक्षा गुप्ता एवं ममता खंडेलवाल ने आयोजन की व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। संयोजक समूह की भक्तिमय नृत्य प्रस्तुति ने उपस्थित महिलाओं का मन मोह लिया। इसके साथ ही परी, रेणु गुप्ता, विद्या खन्ना, कविता रावत एवं ग्रुप, उर्मिला डांस ग्रुप तथा अमिता खंडेलवाल एवं सांवी की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
लकी ड्रॉ और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता ने बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम को रोचक, व्यवस्थित एवं उत्साहपूर्ण बनाने में जिला महामंत्री रचना मित्तल की विशेष भूमिका रही। उन्होंने महिलाओं का उत्साहवर्धन करते हुए डांडिया से संबंधित उपहार वितरित किए। आयोजन के दौरान 10 लकी ड्रॉ निकाले गए, जिनमें रीना पालीवाल, अल्पना मंगल, ममता जैन, सीता दंगायच, मीना समरिया, अमिता, अनिता अग्रवाल एवं ममता डांस सहित अन्य प्रतिभागी विजेता रहीं।
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में मनीषा डांस, कविता रावत एवं सुधा गुप्ता ने जीत हासिल की। वहीं, सीमा आर्य ने मजेदार चुटकुले सुनाकर माहौल को खुशनुमा बना दिया और सभी को खूब हंसाया।
महिला पदाधिकारियों की रही सक्रिय सहभागिता
कार्यक्रम में तहसील अध्यक्ष रेखा अग्रवाल, संरक्षक संजना मित्तल, तहसील महामंत्री अनिता दुसाद एवं मंत्री देवल अग्रवाल सहित संगठन की अन्य सदस्य उपस्थित रहीं। सभी महिलाओं ने आपसी मेल-मिलाप, उत्साह और सामूहिक सहभागिता के साथ आयोजन का आनंद लिया।
संस्कृति और सामाजिक एकता का संदेश दे गया डांडिया महोत्सव
कार्यक्रम के समापन से पूर्व जिला अध्यक्ष रीना पालीवाल ने अपने संबोधन में कहा कि डांडिया केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपराओं और धार्मिक आस्था को जीवंत बनाए रखने का सशक्त माध्यम है। ऐसे आयोजन महिलाओं के बीच आपसी प्रेम, मेल-जोल और सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं तथा नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का अवसर प्रदान करते हैं।
उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाली सभी संयोजकों, पदाधिकारियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। अंत में सभी महिलाओं ने स्वादिष्ट नाश्ते के साथ कार्यक्रम का समापन किया। भक्ति, संस्कृति, मनोरंजन और आपसी सौहार्द से परिपूर्ण यह डांडिया महोत्सव सभी के लिए यादगार बन गया।
