एक माह में चमके गंगापुर के वार्ड, अब विकास की बारी
सभापति कृष्ण कुमार गोयल ने गिनाईं एक माह के अभियान की उपलब्धियां, तीन करोड़ रुपये के विकास कार्यों की निविदा आमंत्रित
गंगापुरसिटी। शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से नगरपरिषद की ओर से चलाए गए एक माह के विशेष ‘स्वच्छ गंगापुर-स्वस्थ गंगापुर’ अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। क्लस्टर व्यवस्था के तहत वार्डवार चलाए गए इस अभियान में शहर के विभिन्न वार्डों में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ अस्थायी अतिक्रमण हटाने, रोड लाइट दुरुस्त करने, सीवरेज लाइन डालने और सार्वजनिक सुविधाओं को सुधारने के कार्य किए गए। अब नगरपरिषद की आगामी कार्ययोजना में शहर की सड़कों की मरम्मत और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दी जाएगी।
नगरपरिषद सभापति कृष्ण कुमार गोयल ने मंगलवार को नगरपरिषद कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए अभियान की उपलब्धियों और आगामी विकास योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत प्रत्येक क्लस्टर में शामिल पांच वार्डों में करीब पांच से सात किलोमीटर तक सड़कों की सफाई करवाई गई। इसके साथ ही छोटे अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए तथा खराब पड़ी रोड लाइटों को ठीक करवाने के साथ आवश्यकता के अनुसार नई लाइटें भी लगवाई गईं। इन प्रयासों से वार्डों की सफाई और रोशनी व्यवस्था में सुधार देखने को मिला है।
गोयल ने बताया कि दीपावली के सीजन को देखते हुए नियमित कचरा संग्रहण पर विशेष ध्यान दिया गया। त्योहारों के दौरान भी कचरा उठाव जारी रखा गया और इसे आगे भी नियमित बनाए रखने की योजना है। इसके अलावा शहर में करीब दो किलोमीटर नई सीवरेज लाइन डलवाई गई है। लंबे समय से खराब और बंद पड़े सार्वजनिक शौचालयों की मरम्मत करवाकर उन्हें उपयोग योग्य बनाया गया, ताकि बाजार आने वाली महिलाओं सहित आम नागरिकों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
शहर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था भी शुरू करवाई गई है। वहीं, शहर के डिवाइडरों पर रंग-रोगन का कार्य करवाकर सौंदर्यीकरण के प्रयास किए जा रहे हैं।
कचरा पॉइंट मुक्त शहर और सड़कों की मरम्मत प्राथमिकता
सभापति ने बताया कि आगामी कार्ययोजना के तहत गंगापुरसिटी को कचरा पॉइंट मुक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है। शहर में बेसहारा पशुओं की समस्या से निजात दिलाने, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत करवाने, फेरोकवर लगवाने तथा खुले मैनहोल को ढकवाने जैसे कार्य प्राथमिकता से किए जाएंगे। इसके अलावा ड्रेनेज सिस्टम, सड़क, नाली और पुलिया की मरम्मत के लिए करीब तीन करोड़ रुपये की निविदा आमंत्रित की जा चुकी है। इससे शहर के विभिन्न हिस्सों में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
आदर्श वार्ड का होगा चयन, पार्षदों को मिलेगा सम्मान
नगरपरिषद की ओर से शहर में आदर्श वार्ड चयन की योजना भी तैयार की जा रही है। इसके तहत संबंधित पार्षद को शामिल करते हुए एक कमेटी बनाई जाएगी। कमेटी वार्ड में विकास कार्यों, स्वच्छता व्यवस्था, विद्युत सुविधाओं और नागरिकों की जिम्मेदारियों जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं के आधार पर आदर्श वार्ड का चयन करेगी।
व्यापारियों से अपील, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
सभापति कृष्ण कुमार गोयल ने शहर के व्यापारियों और आम नागरिकों से स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि दुकानदार कचरा नालियों और सड़कों पर डालने के बजाय निर्धारित कचरा पात्रों का उपयोग करें। दीपावली के बाद भी यदि सड़क और नालियों में कचरा डालने जैसी लापरवाही सामने आती है तो नगरपरिषद की ओर से सख्ती बरती जाएगी तथा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
दीपावली पर जगमगाएगा शहर
दीपावली के अवसर पर शहर के सभी सरकारी भवनों और प्रमुख चौराहों पर विशेष सजावट की जाएगी। इसके साथ ही व्यापारिक संगठनों की ओर से बाजारों में की जाने वाली आकर्षक रोशनी व्यवस्था का मूल्यांकन कर अंक दिए जाएंगे। बेहतर सजावट और रोशनी करने वाले व्यापारिक संगठनों को सम्मानित भी किया जाएगा। नगरपरिषद का लक्ष्य केवल सफाई अभियान तक सीमित न रहकर शहर को स्वच्छ, सुंदर, रोशन और बेहतर नागरिक सुविधाओं वाला शहर बनाना है। अब देखना होगा कि अभियान के बाद घोषित इन योजनाओं को धरातल पर कितनी तेजी से उतारा जाता है।
