संध्या मीना और अनिशा वर्मा बनीं प्राचार्य
गंगापुर सिटी। महिला सशक्तिकरण को धरातल पर साकार करने की दिशा में राजकीय महाविद्यालय गंगापुर सिटी में एक अनूठी पहल की गई। यहां छात्राओं को एक दिन के लिए महाविद्यालय की कमान सौंपते हुए नियमित छात्रा संध्या मीना को राजकीय महाविद्यालय का प्राचार्य तथा कृषि महाविद्यालय की छात्रा अनिशा वर्मा को एक दिन के लिए कृषि महाविद्यालय का प्राचार्य बनाया गया। इस दौरान दोनों छात्राओं ने प्राचार्य के अधिकारों एवं दायित्वों का निर्वहन करते हुए प्रशासनिक कार्यों का अनुभव प्राप्त किया।

यह नवाचार महाविद्यालय में रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, निर्णय लेने की योग्यता और प्रशासनिक समझ विकसित करना रहा। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. रामकेश मीना ‘आदिवासी’ की पहल पर दोनों छात्राओं को एक दिन के लिए प्राचार्य पद की जिम्मेदारी सौंपी गई।
एक दिवसीय प्राचार्य संध्या मीना एवं अनिशा वर्मा ने पूरे आत्मविश्वास और गंभीरता के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाईं। उन्होंने महाविद्यालय परिसर का निरीक्षण किया, विद्यार्थियों की समस्याएं सुनीं तथा उनके समाधान का आश्वासन दिया। साथ ही संकाय सदस्यों को नियमित कक्षाओं के संचालन और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।
विद्यार्थियों ने ज्ञापन सौंपकर उठाईं समस्याएं
इस दौरान एबीवीपी इकाई के उपाध्यक्ष अभिषेक मीना सहित सोनू मीना, विष्णु गुर्जर, गौरी मीना आदि विद्यार्थियों ने एक दिवसीय प्राचार्य संध्या मीना को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में महाविद्यालय की पुताई एवं निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच करवाने, नियमित कक्षाओं का संचालन सुनिश्चित करने, शौचालयों की साफ-सफाई तथा विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने की मांग की गई।
वहीं कृषि महाविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए आवश्यक संसाधन एवं सुविधाएं उपलब्ध करवाने का मुद्दा भी उठाया गया। दोनों छात्रा प्राचार्यों ने विद्यार्थियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके शीघ्र समाधान के लिए सकारात्मक आश्वासन दिया।
प्राचार्य ने बताया नवाचार का उद्देश्य
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. रामकेश मीना ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य बेटियों में नेतृत्व क्षमता, प्रशासनिक समझ, आत्मविश्वास एवं निर्णय लेने की योग्यता विकसित करना है। महिला सशक्तिकरण की सरकारी भावना को व्यवहार में उतारने के साथ विद्यार्थियों को उनके अधिकारों, कर्तव्यों और समस्याओं के प्रति जागरूक करना भी इस नवाचार का उद्देश्य है।
उन्होंने कहा कि जब बेटियों को अवसर और जिम्मेदारी दी जाती है, तो वे अपनी प्रतिभा और क्षमता का प्रभावी प्रदर्शन करती हैं। महाविद्यालय केवल डिग्री प्रदान करने का केंद्र न होकर विद्यार्थियों को नेतृत्व, लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक उत्तरदायित्व का व्यावहारिक प्रशिक्षण देने का मंच भी होना चाहिए।
इस अवसर पर महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं समस्त महाविद्यालय परिवार ने दोनों एक दिवसीय प्राचार्यों का सम्मान किया तथा उनके निर्देशों का पालन किया।
महाविद्यालय की यह पहल समाज को एक महत्वपूर्ण संदेश देती है कि महिला सशक्तिकरण केवल सम्मान और प्रोत्साहन तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि बेटियों को नेतृत्व करने, निर्णय लेने और जिम्मेदारियां निभाने के वास्तविक अवसर भी मिलने चाहिए।
