बॉर्डर 2 से सनी देओल का बॉक्स ऑफिस धमाका!

Sunny Deol Border 2 box office opening prediction
सनी देओल की ‘बॉर्डर 2’ से बॉक्स ऑफिस पर बड़ी ओपनिंग की उम्मीद

एडवांस बुकिंग में जबरदस्त क्रेज, पहले दिन 40 करोड़ पार करने की उम्मीद

साल 2026 में हिंदी सिनेमा को अब तक किसी बड़ी ब्लॉकबस्टर का इंतजार है। ऐसे में सनी देओल की आने वाली फिल्म ‘बॉर्डर 2’ से बॉक्स ऑफिस पर बड़े धमाके की उम्मीद की जा रही है। फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। एडवांस बुकिंग के आंकड़े साफ संकेत दे रहे हैं कि ‘बॉर्डर 2’ पहले ही दिन शानदार ओपनिंग कर सकती है। ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘बॉर्डर 2’ की एडवांस बुकिंग भारत में बुधवार से शुरू हुई थी। इससे पहले कनाडा, जर्मनी और ऑस्ट्रेलिया जैसे चुनिंदा ओवरसीज मार्केट्स में प्री-सेल्स खुल चुकी थीं। महज तीन दिनों में ही फिल्म की बुकिंग ने रफ्तार पकड़ ली है, जिससे ओपनिंग डे कलेक्शन को लेकर उम्मीदें और बढ़ गई हैं।

एडवांस बुकिंग ने बढ़ाया भरोसा

सैकनिल्क के अनुसार, गुरुवार सुबह 9 बजे तक ओपनिंग डे यानी 23 जनवरी के लिए एडवांस ग्रॉस 5.75 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। यह आंकड़ा केवल 2D शोज का है। कुल टिकट बिक्री लगभग 1.80 से 1.86 लाख के बीच बताई जा रही है, जिसमें ब्लॉक सीट्स भी शामिल हैं। फिल्म के लिए 13,500 से ज्यादा शोज में बुकिंग हो चुकी है। BookMyShow पर प्रति घंटे लगभग 4,000 टिकट्स की बिक्री दर्ज की जा रही है। यह मंगलवार के मुकाबले करीब 100 प्रतिशत ज्यादा है। ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि रिलीज से पहले एडवांस बुकिंग 10 करोड़ रुपये के पार जा सकती है।

पहले दिन कितना कलेक्शन संभव

एडवांस ट्रेंड्स की तुलना पिछली बड़ी हिंदी फिल्मों से की जा रही है। आखिरी हिंदी ब्लॉकबस्टर ‘धुरंधर’ ने पहले दिन 28 करोड़ रुपये की ओपनिंग की थी, जबकि ‘छावा’ ने 31 करोड़ रुपये से शुरुआत की थी। ट्रेड पंडित्स के अनुसार, ‘बॉर्डर 2’ पहले दिन 32 से 35 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर सकती है। अगर फिल्म को पॉजिटिव वर्ड ऑफ माउथ मिलता है और छोटे शहरों में स्पॉट बुकिंग बढ़ती है, तो कुछ अनुमान 40 करोड़ रुपये से ज्यादा की ओपनिंग की भी बात कर रहे हैं। ऐसे में सनी देओल अपनी ही फिल्म ‘गदर 2’ के 40.1 करोड़ रुपये के ओपनिंग डे रिकॉर्ड को चुनौती दे सकते हैं।

स्टारकास्ट और रिलीज की ताकत

अनुराग सिंह के निर्देशन में बनी ‘बॉर्डर 2’ में सनी देओल लीड रोल में नजर आएंगे। उनके साथ वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म को भूषण कुमार, कृष्ण कुमार, जे.पी. दत्ता और निधि दत्ता ने प्रोड्यूस किया है। ‘बॉर्डर 2’ 5000 से ज्यादा स्क्रीन्स पर रिलीज हो रही है। सिंगल-स्क्रीन थिएटर्स में दो हफ्तों की एक्सक्लूसिव बुकिंग से फिल्म को बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद है।

Read More :- सारंडा जंगल में सुरक्षा बलों का बड़ा एक्शन, नक्सलियों पर भारी ऑपरेशन