सारंडा जंगल में सुरक्षा बलों का बड़ा एक्शन, नक्सलियों पर भारी ऑपरेशन

Saranda forest naxal encounter security forces operation
सारंडा जंगल में नक्सलियों के खिलाफ सर्च ऑपरेशन चलाते सुरक्षा बल

209 कोबरा बटालियन की कार्रवाई, मुठभेड़ में 8 नक्सलियों के मारे जाने का दावा

झारखंड के चाईबासा स्थित सारंडा जंगल से इस वक्त बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आ रही है। कुमड़ी इलाके के आसपास नक्सलियों और सुरक्षा बलों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई है। सूत्रों के मुताबिक इस मुठभेड़ में 8 से अधिक नक्सलियों के मारे जाने की सूचना है। हालांकि अभी तक इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। जानकारी के अनुसार, नक्सलियों के खिलाफ 209 कोबरा बटालियन ने सारंडा जंगल में बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। इसी दौरान नक्सलियों ने सुरक्षा बलों पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद दोनों ओर से जवाबी कार्रवाई हुई। मुठभेड़ काफी देर तक चली, जिससे पूरा इलाका दहल उठा।

नक्सली एरिया कमांडर का बंकर ध्वस्त

इस ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के एरिया कमांडर के बंकर को भी ध्वस्त कर दिया। सूत्रों का दावा है कि मुठभेड़ में एरिया कमांडर को गोली लगी है और वह गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है। हालांकि उसकी स्थिति को लेकर भी अभी कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

इलाके में बढ़ाई गई सुरक्षा

सुरक्षा बलों का कहना है कि ऑपरेशन अभी भी जारी है और पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। इसके अलावा आसपास के जंगलों में अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है। अधिकारियों ने बताया कि इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य नक्सलियों के ठिकानों को पूरी तरह खत्म करना है।

सारंडा जंगल बना है नक्सलियों का गढ़

गौरतलब है कि सारंडा जंगल लंबे समय से नक्सलियों का मजबूत गढ़ माना जाता रहा है। यहां पहले भी कई बार सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो चुकी है। लगातार चल रहे अभियानों से नक्सलियों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने की कोशिश की जा रही है।

ऑपरेशन पर नजर बनाए हुए हैं अधिकारी

फिलहाल वरिष्ठ अधिकारी पूरे ऑपरेशन पर नजर बनाए हुए हैं। जैसे-जैसे सर्च ऑपरेशन आगे बढ़ेगा, स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है। प्रशासन ने इलाके में सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है।

Read More :- नीतीश कुमार की यात्रा के बीच सीवान में बम धमाका, एक की मौत