आनंद विहार, आरके पुरम और अशोक विहार में AQI 370 के पार, ठंड और दृश्यता की मार
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की वायु गुणवत्ता एक बार फिर गंभीर चिंता का कारण बन गई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार सुबह 7 बजे दिल्ली का समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 346 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है। लगातार बढ़ते प्रदूषण ने लोगों की सेहत पर खतरा बढ़ा दिया है।
दिल्ली के कई इलाकों में AQI का स्तर 350 के पार पहुंच गया है। सीपीसीबी के अनुसार, आनंद विहार में 354, अशोक विहार में 367, आईटीओ में 362 और आरके पुरम में 374 AQI दर्ज किया गया। वहीं, पटपड़गंज और वजीरपुर में AQI 372 से 374 के बीच रहा, जबकि चांदनी चौक और द्वारका सेक्टर-8 में भी प्रदूषण का स्तर बेहद खराब बना हुआ है।
वायु प्रदूषण के साथ-साथ ठंड ने भी लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, राजधानी में शीत लहर का प्रकोप जारी है और न्यूनतम तापमान गिरकर करीब 5.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।
कोहरे की स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई है। उत्तरी और पूर्वी भारत के कई हवाई अड्डों पर घने से बहुत घने कोहरे के कारण दृश्यता शून्य तक पहुंच गई है। अमृतसर, चंडीगढ़, पठानकोट, हिंडन और सहारनपुर में दृश्यता शून्य मीटर दर्ज की गई, जिससे हवाई और सड़क यातायात प्रभावित होने की आशंका है।
विशेषज्ञों के अनुसार, ठंडी हवाओं की कमी और स्थिर मौसम के कारण प्रदूषक तत्व वातावरण में जमा हो रहे हैं, जिससे आने वाले दिनों में हालात और बिगड़ सकते हैं।
