मामा और गर्लफ्रेंड संग रची साजिश, CCTV खंगालकर द्वारका पुलिस ने किया खुलासा
द्वारका डिस्ट्रिक्ट के स्पेशल स्टाफ ने उत्तम नगर इलाके में हुई कैश लूट की गुत्थी सुलझा ली है। इस मामले में एक 17 वर्षीय नाबालिग को हिरासत में लिया गया है। जबकि उसके मामा और गर्लफ्रेंड को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान छोटू कुमार उर्फ अविनाश के रूप में हुई है। उसकी 21 वर्षीय गर्लफ्रेंड भी इस साजिश में शामिल थी।
अंदर की जानकारी से रचा गया प्लान
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि दुकानदार का नाबालिग नौकर ही इस लूट का मास्टरमाइंड था। उसे रोजाना के कैश कलेक्शन और दुकान बंद करने के समय की पूरी जानकारी थी। इसी जानकारी को उसने अपने मामा छोटू कुमार के साथ साझा किया। इसके बाद तीनों ने मिलकर लूट की योजना बनाई।7 फरवरी की रात करीब 9:40 बजे, जब दुकानदार हस्तसाल रोड पर स्थित दिल्ली किराना स्टोर बंद कर ₹30,000 कैश लेकर घर जा रहा था, तभी पैदल आए आरोपियों ने उसका बैग छीन लिया और फरार हो गए।
500 CCTV कैमरों से मिला सुराग
द्वारका के डिप्टी कमिश्नर अंकित सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी ऑपरेशंस रविंद्र अहलावत के नेतृत्व में स्पेशल टीम बनाई गई। टीम ने क्राइम सीन से लेकर मटियाला गांव तक करीब 500 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दो युवक और एक युवती संदिग्ध हालत में नजर आए। इसके बाद लोकल इन्फॉर्मर्स और घर-घर वेरिफिकेशन की मदद से उस पार्क का पता लगाया गया जहां तीनों छिपे हुए थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उन्हें पकड़ लिया।
लूट के पैसों से होटल, शराब और शॉपिंग
पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वारदात के बाद वे सीधे एक ओयो होटल गए। वहां उन्होंने लूटे गए पैसों से कमरे का किराया चुकाया। इसके बाद महंगी शराब पी, मिठाई खाई और ब्रांडेड कपड़े व मोबाइल फोन खरीदे। पुलिस ने वारदात के समय पहने कपड़े और खरीदे गए मोबाइल फोन बरामद कर लिए हैं।
पहले भी कर चुके थे स्नैचिंग
मुख्य आरोपी छोटू कुमार मूल रूप से बेगूसराय, बिहार का रहने वाला है। फिलहाल वह द्वारका सेक्टर-3 में रहकर रिक्शा चलाता था। उसकी गर्लफ्रेंड नशे की आदी बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों पहले भी राहगीरों से छोटी-मोटी स्नैचिंग करते रहे हैं। फिलहाल पुलिस उनके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है।
