डकैती या ‘शिष्टाचार’? बुजुर्ग महिला से पहले मांगी इजाज़त, फिर हाथ-पैर बांधकर की लूट

Polite robbers tied elderly woman during robbery in Gujarat
गुजरात के खेड़ा में अनोखी डकैती, जहां लुटेरों ने पहले मांगी इजाजत

गुजरात के खेड़ा जिले की यह अनोखी वारदात अपराध की दुनिया में नए सवाल खड़े कर रही है

अपराध की खबरें आमतौर पर डर, हिंसा और खौफ से जुड़ी होती हैं। लेकिन गुजरात के खेड़ा जिले से सामने आई एक डकैती की घटना ने पुलिस से लेकर आम लोगों तक को हैरान कर दिया है। यहां चार लुटेरों ने 76 वर्षीय बुजुर्ग महिला के घर में घुसकर चोरी की, लेकिन उनका पूरा व्यवहार किसी अपराधी से ज्यादा ‘सभ्य मेहमान’ जैसा नजर आया।


नींद से जगाया, फिर किया शांतिपूर्वक अभिवादन

यह घटना गाल्तेश्वर तालुका के सेवालिया गांव स्थित एमडी बंगलो सोसाइटी की है। 10 जनवरी की रात बुजुर्ग महिला अपने घर में अकेली सो रही थीं। तभी चार युवक चुपचाप घर में दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने महिला को नींद से जगाया। जैसे ही महिला की आंख खुली, उन्होंने देखा कि दो लोग सिरहाने और दो पैरों के पास बैठे हैं। हालांकि, किसी ने चीखने-चिल्लाने या डराने की कोशिश नहीं की। उल्टा, लुटेरों ने शांति से बात की और शोर न मचाने का अनुरोध किया।


“क्या हम आपको बांध सकते हैं?” पूछकर ली अनुमति

घटना का सबसे चौंकाने वाला पहलू यही रहा। लुटेरों ने महिला से बेहद विनम्र तरीके से पूछा कि क्या वे उनके हाथ-पैर बांध सकते हैं। महिला की सहमति मिलने के बाद, उन्होंने उसी के दुपट्टे से उसके हाथ-पैर बांध दिए। इस दौरान किसी तरह की हिंसा या जबरदस्ती नहीं की गई।


लूट भी बिना धमकी और हथियार के

इसके बाद लुटेरों ने घर में रखे पैसे और जेवर के बारे में पूछा। डर और उनके असामान्य व्यवहार को देखते हुए महिला ने खुद ही दराज की चाबियां सौंप दीं और करीब 15 हजार रुपये नकद दे दिए। जब अलमारी में ज्यादा कुछ नहीं मिला, तो महिला ने खुद अपनी 4 ग्राम की सोने की अंगूठी निकालकर दे दी।


जाते-जाते दिखाई इंसानियत

लूट पूरी होने के बाद लुटेरों ने महिला के हाथों की गांठ ढीली कर दी। उन्होंने यह भी कहा कि पहले पैरों की रस्सी खोल लें और फिर शोर मचाएं। हैरानी की बात यह रही कि इस पूरी घटना में महिला को एक खरोंच तक नहीं आई।


पुलिस जांच में जुटी, CCTV खंगाले जा रहे

सेवालिया पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी करीब 65 हजार रुपये की नकदी और गहने लेकर फरार हुए हैं। अब आसपास के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर इन ‘अनोखे’ लुटेरों की पहचान की जा रही है।

Read More :- 1911 में गायब हुई ट्रेन, 1845 में मिली! पागलों के अस्पताल में कैसे पहुंचे मुसाफिर? रोंगटे खड़े कर देगा ये सच