विश्व पृथ्वी दिवस पर विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

खेडला-बड़ोली स्कूलों में चित्रकला, निबंध प्रतियोगिता और पर्यावरण संरक्षण संदेश

Gangapur city. अर्पण सेवा संस्थान व LTIMindtree Foundation के वित्तीय सहयोग से संचालित “एकीकृत ग्राम विकास परियोजना” के अंतर्गत आज राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय खेडला एवं बड़ोली में विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया गया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों के बीच चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिनमें बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं पृथ्वी बचाओ जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपनी रचनात्मकता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। साथ ही विद्यार्थियों द्वारा प्रेरणादायक भाषण भी प्रस्तुत किए गए, जिनमें पृथ्वी संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी को प्रभावी ढंग से व्यक्त किया गया।
प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागी बच्चों को प्रोत्साहन स्वरूप बिस्कुट वितरण किया गया।
इस आयोजन में संस्थान की ओर से बाबू लाल मीना, धर्मेंद्र कुमार एवं नवीन सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। साथ ही कृषि मित्र संजय जाट एवं संस्थान द्वारा गठित किसान उत्पादक संगठन की डायरेक्टर उषा शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में दोनों विद्यालयों से कुल 65 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना एवं पृथ्वी के प्रति जिम्मेदारी का भाव विकसित करना रहा।
अर्पण सेवा संस्थान द्वारा संचालित यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में सतत विकास एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय कदम है।