भारतीय संस्कृति के प्रचार के लिए 9 वर्षीय प्रतिभा को लंदन में मिला अंतरराष्ट्रीय सम्मान
जयपुर। गंगापुर सिटी के पारस शर्मा और लाल कोठी, जयपुर की रिचा शर्मा की पुत्री 9 वर्षीया येदिता शर्मा को ब्रिटिश पार्लियामेंट में आयोजित कार्यक्रम में आईआईडब्ल्यू शी इन्सपायर्स अवार्ड से सम्मानित किया गया है। उन्हें म्यूजिक, आर्ट, ड्रामा व मीडिया में उल्लेखनीय सफलता के लिए ब्राइट आर्टिस्ट श्रेणी में सम्मानित किया गया है। लेबर पार्टी की ब्रेंटवफोर्ड एंड आइजलवर्थ से हाउस ऑफ कॉमंस में सांसद रूथ कैडबरी ने उन्हें सम्मानित कर उनके कार्यों की सराहना की।
इन्सपायरिंग इंडियन वूमन (आईआईडब्ल्यू) लंदन स्थित संस्था है जो अप्रवासी भारतीय महिलाओं को अपने मूल्यों से जोड़े रखने तथा उनके व्यक्त्वि विकास व आर्थिक सशक्तीकरण के लिए कार्य कर रही है।
येदिता को यह सम्मान चैरिटी कार्यों और भारतीय संस्कृति के प्रचार-प्रसार के लिए दिया गया। वे ब्रिटिश बच्चों विशेषकर भारतीय अप्रवासियों के बच्चों के बीच भारतीय संस्कृति, कला का प्रचार—प्रसार कर रही है तथा आवश्यकता वाले बच्चों को मोबाइल व साझा लाइब्रेरी के माध्यम से ज्ञान व डेटा तक उनकी अन्य बच्चों के समान पहुंच बनाए रखने में मदद कर रही है।
इससे पूर्व भी येदिता ने भारतीय शास्त्रीय नृत्य के क्षेत्र में पुरस्कार जीते हैं, जो उनकी प्रतिभा और मेहनत को दर्शाता है।
इस अवसर पर येदिता ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि वह आगे भी लोगों की मदद करना और समाज में सकारात्मक बदलाव लाना चाहती हैं।
यह उपलब्धि न केवल येदिता और उनके परिवार के लिए बल्कि गंगापुर सिटी और जयपुर समेत पूरे राज्य के लिए गर्व का विषय है। येदिता की दादी चंदा देवी ने विदेश में रह कर भी अपनी जड़ों से जुड़ाव रखने की येदिता की सफलता और मिशन का श्रेय उनके परिवार के संस्कारों को दिया है। आईआईडब्ल्यू की फाउंडर सीईओ रश्मि मिश्रा और डाइरेक्टर शिप्रा ने भी येदिता के उज्जवल भविष्य की कामना की है।
