महिला आरक्षण, पांचना बांध और चम्बल परियोजना पर गरजे मानसिंह, कांग्रेस के ‘दोहरे रवैये’ पर साधा निशाना

पत्रकार वार्ता में महिला आरक्षण और चम्बल परियोजना पर बोलते मानसिंह गुर्जर
महिला आरक्षण, पांचना बांध और विकास कार्यों पर भाजपा जिलाध्यक्ष मानसिंह गुर्जर की प्रेस वार्ता

गंगापुर सिटी में भाजपा जिलाध्यक्ष की प्रेस वार्ता, विकास और जल संकट पर उठाए सवाल

गंगापुर सिटी। भाजपा जिलाध्यक्ष मानसिंह गुर्जर ने रविवार को पत्रकार वार्ता में महिला आरक्षण बिल, पांचना बांध, चम्बल परियोजना, सडक़-पानी संकट और स्थानीय विकास कार्यों को लेकर विस्तार से अपनी बात रखी। उन्होंने कांग्रेस और स्थानीय विधायक पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जनता की मूल समस्याओं से ध्यान भटकाया जा रहा है, जबकि जरूरत विकास और सुविधाओं के विस्तार की है।
मानसिंह गुर्जर ने कहा कि क्षेत्र में पेयजल संकट गंभीर है, लेकिन जनप्रतिनिधि समाधान की बजाय राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास के नाम पर केवल घोषणाएं की गईं, जबकि धरातल पर कई काम अधूरे हैं।
महिला आरक्षण बिल पर कांग्रेस का दोहरा रवैया
प्रेस वार्ता में महिला आरक्षण बिल प्रमुख मुद्दा रहा। मानसिंह गुर्जर ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा महिला आरक्षण पर दोहरा रवैया अपनाया। उन्होंने कहा कि 1996 में पहली बार बिल पेश हुआ, लेकिन वर्षों तक इसे अटका कर रखा गया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में ही ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम-2023’ पारित हुआ और महिलाओं के लिए लोकसभा व विधानसभाओं में आरक्षण का रास्ता साफ हुआ। उन्होंने इसे ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि मोदी सरकार ने महिला सशक्तिकरण को वास्तविक दिशा दी है।
पांंचना बांध पर राजनीति नहीं, समाधान जरूरी
पांचना बांध के मुद्दे पर बोलते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि किसानों के हितों को राजनीति से ऊपर रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि 2020 में जनहित याचिका के बाद पानी छोडऩे की प्रक्रिया शुरू हुई और 2022 में किसानों के दबाव और पत्राचार के बाद भी पानी छोड़ा गया।
उन्होंने विधायक के बयानों को भ्रामक बताते हुए कहा कि यह मामला न्यायालय में विचाराधीन है, इसलिए तथ्यहीन बयानबाजी उचित नहीं। साथ ही किसानों से बड़ा दिल रखते हुए सामूहिक समाधान की दिशा में आगे बढऩे की अपील की।
वसुंधरा सरकार में मिला चम्बल जल, अब और बजट स्वीकृत
चम्बल परियोजना पर दावा करते हुए मानसिंह गुर्जर ने कहा कि 2017 में वसुंधरा राजे सरकार के समय गंगापुर सिटी को चम्बल का पानी मिला। इसके लिए करोड़ों की परियोजनाएं स्वीकृत की गईं।
उन्होंने कहा कि मौजूदा भजनलाल सरकार ने 15 करोड़ रुपए स्वीकृत किए हैं, जिससे पंपसेट और पेयजल व्यवस्था मजबूत होगी।
सडक़ों और कुशालगढ़ विकास पर भी उठाए सवाल
मानसिंह ने शहर की खराब सडक़ों को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने 113 सडक़ों के निर्माण के दावों पर स्पष्ट विवरण मांगा।
साथ ही कहा कि कुशालगढ़ क्षेत्र के लिए 1.90 करोड़ रुपए स्वीकृत हुए हैं और 4 करोड़ रुपए के कार्य प्रस्तावित हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले इस क्षेत्र की अनदेखी हुई, जबकि अब योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्य हो रहे हैं।
कई पदाधिकारी रहे मौजूद
प्रेस वार्ता में निवर्तमान सभापति शिवरतन अग्रवाल, प्रधान मंजू गुर्जर, मंडल अध्यक्ष मिथलेश व्यास, जिला मोर्चा प्रभारी जमनालाल वैष्णव, भाजपा महिला मोर्चा की राधा दीक्षित, मीडिया प्रभारी धनेश शर्मा, सुनीता वैष्णव और कमला मीणा सहित कई भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।