नकाबपोश एक्टिवा सवार बदमाशों ने रात 10 बजे सेवक फार्मेसी को बनाया निशाना, CCTV में कैद हुई वारदात
चंडीगढ़।
शहर के सेक्टर-32 में गुरुवार रात उस समय सनसनी फैल गई, जब एक केमिस्ट शॉप पर नकाबपोश बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। एक्टिवा सवार दो युवकों ने सेवक फार्मेसी को निशाना बनाते हुए दो राउंड गोलियां चलाईं और दुकानदार के बेटे को जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई भी घायल नहीं हुआ।
जानकारी के अनुसार, यह वारदात रात करीब 10 बजे हुई। सफेद रंग की एक्टिवा पर सवार दो युवक दुकान के बाहर आकर रुके और बिना किसी चेतावनी के फायरिंग शुरू कर दी। उस समय दुकान के काउंटर पर दुकानदार का बेटा तनीश मौजूद था। अचानक हुई गोलीबारी से वह घबरा गया, लेकिन बाल-बाल बच गया। फायरिंग के दौरान एक गोली काउंटर के शीशे में जा लगी, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
घटना के तुरंत बाद तनीश ने अपने परिजनों को सूचना दी। इसके बाद दुकान मालिक जगदीश मौके पर पहुंचे और पुलिस को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-34 पुलिस, क्राइम ब्रांच, ऑपरेशन सेल और जिला अपराध शाखा की टीमें मौके पर पहुंचीं। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच कर एक खाली कारतूस बरामद किया है।
पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी कर दी है और सफेद एक्टिवा सवार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में दोनों आरोपी कैद हुए हैं। फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।
