30 मीटर विजिबिलिटी से थमी रफ्तार, दुकानों के खुलने में हुई देरी
गंगापुर सिटी में मावठ के बाद ठंड और कोहरे का असर लगातार दूसरे दिन भी देखने को मिला। गुरुवार सुबह शहर और आसपास के क्षेत्रों में घना कोहरा छाया रहा, जिससे सामान्य जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। सुबह के समय दृश्यता घटकर लगभग 30 से 40 मीटर तक सीमित रह गई। इसके चलते वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर बेहद धीमी गति से वाहन चलाने पड़े। मुख्य मार्गों के साथ-साथ आंतरिक सड़कों पर भी यातायात की रफ्तार सुस्त नजर आई।
ठंड के कारण देर से खुलीं दुकानें
कोहरे और बढ़ी सर्दी का सीधा असर बाजारों पर भी पड़ा। सुबह ठंड अधिक होने के कारण लोग देर तक घरों में ही रहे। यही वजह रही कि शहर के कई बाजारों में दुकानें रोजाना की तुलना में काफी देर से खुलीं। व्यापारियों का कहना है कि सुबह ग्राहकों की आवाजाही बेहद कम रही, जिससे शुरुआती घंटों में कारोबार प्रभावित हुआ।
मावठ के बाद बढ़ी सर्दी
मंगलवार रात तक रुक-रुक कर हुई बूंदाबांदी से वातावरण में नमी बढ़ गई थी। इसी नमी का असर बुधवार के बाद गुरुवार सुबह भी देखने को मिला। खेतों, खुले इलाकों और ग्रामीण क्षेत्रों में कोहरा अधिक सघन रहा। ग्रामीण इलाकों में सुबह के समय आवाजाही करने वाले लोगों को ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ा।
तापमान में बनी रही गिरावट
मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को गंगापुर सिटी में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान में आई गिरावट के कारण ठंड का असर लगातार बना हुआ है। सुबह और देर रात ठिठुरन ज्यादा महसूस की जा रही है।
अगले दिनों में भी कोहरे के आसार
मौसम विशेषज्ञों ने आने वाले दिनों में भी सुबह और रात के समय कोहरा छाए रहने की संभावना जताई है। विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल सर्दी से राहत मिलने के संकेत नहीं हैं। लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे धीमी गति से वाहन चलाएं और फॉग लाइट या हेडलाइट का उपयोग जरूर करें। आमजन को भी ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनने की सलाह दी गई है।
पिछले पांच दिनों का तापमान
बीते पांच दिनों में तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। 28 जनवरी को न्यूनतम 9 और अधिकतम 14 डिग्री रहा। 27 जनवरी को न्यूनतम 14 और अधिकतम 20 डिग्री दर्ज किया गया। 26 जनवरी को न्यूनतम 9 और अधिकतम 23 डिग्री रहा। 25 जनवरी को न्यूनतम 7 और अधिकतम 18 डिग्री और 24 जनवरी को न्यूनतम 9 व अधिकतम 19 डिग्री सेल्सियस रहा।
