Himachal Weather Alert: शिमला से किन्नौर तक बर्फीले तूफान की चेतावनी, 8 जिलों में अलर्ट जारी

Himachal Pradesh snowfall weather alert
हिमाचल प्रदेश में भारी बर्फबारी से जनजीवन प्रभावित

IMD ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट, अगले 6 घंटे भारी बर्फबारी और तेज हवाओं का खतरा

हिमाचल में बिगड़ा मौसम, बर्फ और बारिश का डबल असर

हिमाचल प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। पहाड़ी इलाकों में भारी बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में बारिश से जनजीवन प्रभावित होने लगा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की शिमला इकाई ने राज्य के कई जिलों के लिए बर्फीले तूफान और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ घंटों में हालात और ज्यादा गंभीर हो सकते हैं।

इन 8 जिलों में बर्फीले तूफान की आशंका

IMD ने बताया है कि अगले 6 घंटों के दौरान चंबा, कांगड़ा, किन्नौर, कुल्लू, लाहौल-स्पीति, मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों के कुछ हिस्सों में मध्यम से भारी बर्फबारी हो सकती है। कुछ क्षेत्रों में तेज बर्फबारी के साथ बर्फीले तूफान भी आने की संभावना है। इस दौरान दृश्यता बेहद खराब रहने की चेतावनी दी गई है।

बारिश और तेज हवाओं ने बढ़ाई मुश्किलें

ऊना, बिलासपुर और हमीरपुर जिलों में ज्यादातर जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। इसके साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कांगड़ा, सोलन, शिमला और सिरमौर जिलों में बारिश और बर्फबारी के साथ गरज-चमक की भी संभावना जताई गई है।

30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

कुल्लू, मंडी और चंबा जिलों में हल्की से मध्यम बर्फबारी और बारिश के बीच 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है। वहीं किन्नौर और लाहौल-स्पीति में कई स्थानों पर तेज बर्फबारी हो सकती है, जिससे तापमान और गिरने की आशंका है।

शिमला में सड़कें बंद, यातायात ठप

लगातार बर्फबारी के चलते शिमला शहर और आसपास के ऊपरी इलाकों में हालात बेहद खराब हो गए हैं। कुफरी, नारकंडा, खिड़की और खड़ापत्थर सहित कई प्रमुख मार्ग पूरी तरह बंद कर दिए गए हैं। सड़कों पर जमी बर्फ के कारण फिसलन बढ़ गई है, जिससे वाहन फिसलने और दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।

जरूरी सेवाओं पर असर, प्रशासन अलर्ट

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि पानी, बिजली और संचार सेवाएं बाधित हो सकती हैं। विजिबिलिटी कम होने से हवाई और सड़क यातायात भी प्रभावित हो सकता है। शिमला पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अनावश्यक यात्रा से बचें और आपात स्थिति में ही सुरक्षित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।

Read More :- नीतीश कुमार के चुनावी फॉर्मूले पर हिमंता सरमा, युवाओं को सीधे ₹2 लाख का दांव