8 जिलों में घना कोहरा, अगले 3 दिन धूप से राहत, 1 फरवरी को फिर भारी बारिश-बर्फबारी के आसार
8 जिलों में कोहरे की चेतावनी
हिमाचल प्रदेश में हालिया बारिश और बर्फबारी के बाद मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के 8 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, कांगड़ा, चंबा, सोलन, मंडी और सिरमौर जिलों में सुबह 10 बजे तक कोहरा छाया रह सकता है। इसके चलते विजिबिलिटी 100 मीटर से भी कम होने की आशंका है। इसलिए वाहन चालकों को बेहद सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
आज साफ रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, आज और कल राज्य में मौसम पूरी तरह साफ रहने का अनुमान है। इससे राहत कार्यों में तेजी आएगी। खासकर सड़क, बिजली और पानी की बहाली के काम तेज किए जाएंगे। फिलहाल प्रदेश में चार नेशनल हाईवे समेत कुल 885 सड़कें बंद हैं। इसके अलावा 3237 बिजली ट्रांसफॉर्मर ठप पड़े हैं, जिससे सैकड़ों गांवों में अंधेरा है। वहीं 121 पेयजल योजनाएं भी प्रभावित हैं।
एक फरवरी को फिर बदलेगा मौसम
IMD के मुताबिक 30 और 31 जनवरी को ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। हालांकि निचले और मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम साफ रहेगा। इसके बाद 1 फरवरी को एक स्ट्रांग वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय होगा। इस दौरान ऊंचे पहाड़ों पर भारी बर्फबारी और निचले इलाकों में अच्छी बारिश की संभावना है। 2 और 3 फरवरी को सिस्टम थोड़ा कमजोर पड़ेगा, लेकिन अधिकतर हिस्सों में बारिश-बर्फबारी जारी रह सकती है।
अगले तीन दिन ठंड से राहत
अगले तीन दिनों में प्रदेशवासियों को ठंड से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम साफ रहने के कारण तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। फिलहाल प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 1.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान 0.3 डिग्री कम चल रहा है।
मनाली में स्कूल-कॉलेज बंद
भारी बर्फबारी से प्रभावित मनाली सब-डिवीजन में आज भी शिक्षण संस्थान बंद रखे गए हैं। डीसी कुल्लू ने इसे लेकर आदेश जारी किए हैं। मनाली में लगातार तीसरे दिन स्कूल, कॉलेज, आईटीआई, पॉलिटेक्निक, इंजीनियरिंग और फार्मेसी कॉलेज, DIET और आंगनवाड़ी केंद्र बंद रहेंगे। भारी बर्फबारी के कारण यहां ज्यादातर सड़कें अभी भी बंद पड़ी हैं।
