भारत-पाकिस्तान मैच पर बारिश का साया: क्या है रिजर्व डे का नियम?

कोलंबो में भारत-पाकिस्तान टी20 मैच के दौरान भरा स्टेडियम
आर. प्रेमदासा स्टेडियम में भारत और पाकिस्तान के बीच हाई-वोल्टेज मुकाबला।

कोलंबो में 94% बारिश की आशंका, रद्द हुआ मुकाबला तो किसे मिलेगा फायदा

आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला मुकाबला एक बार फिर सुर्खियों में है। हालांकि इस बार चर्चा मुकाबले से ज्यादा मौसम को लेकर है। दरअसल कोलंबो में बारिश की भारी संभावना जताई गई है। रविवार, 15 फरवरी को मुकाबला आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा। भारतीय टीम की कमान सूर्यकुमार यादव संभाल रहे हैं। वहीं पाकिस्तान की कप्तानी सलमान आगा के हाथों में है। दोनों टीमें जीत के इरादे से उतरेंगी।

बारिश बन सकती है बड़ा विलेन

AccuWeather की रिपोर्ट के अनुसार 15 फरवरी को कोलंबो में 94 फीसदी बारिश की संभावना है। अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। पूरे दिन बादल छाए रहने की संभावना है और गरज के साथ बारिश भी हो सकती है। शाम के समय भी मौसम पूरी तरह साफ होने की उम्मीद कम है। ऐसे में मैच के प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है।

क्या रखा गया है रिजर्व डे?

फिलहाल आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप स्टेज मुकाबलों के लिए कोई रिजर्व डे निर्धारित नहीं है। रिजर्व डे केवल सेमीफाइनल और फाइनल जैसे नॉकआउट मैचों के लिए रखा गया है। इसका सीधा मतलब यह है कि अगर भारत और पाकिस्तान के बीच यह हाई-वोल्टेज मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो जाता है, तो दोनों टीमों को एक-एक अंक दे दिया जाएगा। मैच दोबारा नहीं खेला जाएगा।

किसे होगा फायदा?

इस समय भारत ग्रुप ए में चार अंकों और +3.050 के बेहतर नेट रन रेट के साथ शीर्ष पर है। पाकिस्तान भी चार अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है, लेकिन उसका नेट रन रेट +0.932 है। ऐसे में यदि मुकाबला रद्द होता है, तो अंक बराबर रहेंगे, लेकिन बेहतर नेट रन रेट के कारण भारत को तालिका में बढ़त मिल सकती है।

गौरतलब है कि ग्रुप ए में भारत और पाकिस्तान के अलावा अमेरिका, नामीबिया और नीदरलैंड्स भी शामिल हैं। इसलिए हर अंक बेहद अहम साबित होगा। अब सबकी नजरें कोलंबो के मौसम पर टिकी हैं।

Read More :- दिल्ली में सुबह एनकाउंटर: बवाना में वॉन्टेड बदमाश को पैर में गोली