अर्पण सेवा संस्थान के कार्यक्रम में महिलाओं को किया गया जागरूक
वज़ीरपुर ( गंगापुर सिटी ). अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर अर्पण सेवा संस्थान द्वारा कुसाय गांव में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह आयोजन एकीकृत ग्राम विकास परियोजना के अंतर्गत किया गया, जिसे Arpan Seva Sansthan द्वारा LTIMindtree Foundation के वित्तीय सहयोग से संचालित किया जा रहा है। कार्यक्रम का आयोजन 8 मार्च 2026 को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कुसाय के खेल मैदान में किया गया। इस कार्यक्रम में 600 से अधिक महिलाओं ने भाग लेकर अपनी सक्रिय भागीदारी दर्ज कराई।
महिलाओं को अधिकार और आत्मनिर्भरता का संदेश
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक और शैक्षिक क्षेत्रों में सम्मान दिलाना तथा उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना था। साथ ही महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और सशक्त समाज निर्माण में भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में अर्पण सेवा संस्थान के प्रोग्राम डायरेक्टर डॉ. चंद्र शेखर मीणा ने महिलाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि महिलाएं समाज की रीढ़ हैं और उनके बिना समाज का विकास संभव नहीं है। उन्होंने अपने संबोधन में महिलाओं की शिक्षा, आत्मनिर्भरता और समाज में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला।
आत्मनिर्भरता और रोजगार पर जोर
कार्यक्रम में अतिथि के रूप में उपस्थित पूजा सख्यवाल (मास्टर ट्रेनर, राजीविका) ने महिलाओं के साथ अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने महिलाओं को स्व-रोजगार अपनाने और आर्थिक रूप से मजबूत बनने के लिए प्रेरित किया। वहीं मानसिंह मीना ने अपने विचार व्यक्त करते हुए महिलाओं की शक्ति को रेखांकित किया। उन्होंने महिलाओं को कृषि से जुड़ी उपयोगी जानकारियां भी दीं। उन्होंने महिलाओं से अपने अधिकारों के लिए जागरूक रहने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का आह्वान किया।
महिलाओं ने लिया संकल्प
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने शिक्षा, आत्मनिर्भरता और सामाजिक भागीदारी को बढ़ाने का संकल्प लिया। इस आयोजन ने ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को एक मंच प्रदान किया, जहां उन्होंने अपने विचार साझा किए और सशक्त बनने की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा प्राप्त की।
