लव मैरिज के 4 महीने बाद खून से सनी कहानी, पति ने पत्नी की गला घोंटकर हत्या

कानपुर में पत्नी की हत्या के मामले की जांच करती पुलिस
लव मैरिज के चार महीने बाद पत्नी की हत्या का मामला

कानपुर में शक और गुस्से ने ली एक युवती की जान, हत्या के बाद खुद थाने पहुंचकर पति ने किया सरेंडर

उत्तर प्रदेश के कानपुर से रिश्तों को झकझोर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। लव मैरिज के महज चार महीने बाद ही एक पति ने अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। यह मामला महाराजपुर थाना क्षेत्र के रूमा इलाके का है, जहां न्यू हाईटेक सिटी में किराए के कमरे से 25 वर्षीय श्वेता सिंह का शव बरामद हुआ।

पुलिस के अनुसार, आरोपी पति सचिन सिंह फतेहपुर जिले का रहने वाला है। वह देर रात थाने पहुंचा और रोते हुए बताया कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है। आरोपी की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां श्वेता का शव चारपाई पर कंबल में लिपटा मिला। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए हैं।

जांच में पता चला है कि सचिन और श्वेता ने चार महीने पहले परिवार की मर्जी के बिना कोर्ट मैरिज की थी। परिवार के विरोध के चलते दोनों पहले सूरत गए और बाद में कानपुर लौटकर साथ रहने लगे। आरोपी ऑटो चलाकर घर का खर्च चला रहा था।

आरोपी का दावा है कि वह अचानक रात में घर लौटा और पत्नी को दो युवकों के साथ आपत्तिजनक हालत में देखा। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को चौकी ले जाया गया। चेतावनी देकर पति-पत्नी को घर भेज दिया गया। घर लौटने के बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और गुस्से में सचिन ने श्वेता का गला दबा दिया।

पुलिस का कहना है कि युवकों से भी पूछताछ की जा रही है और पैसों के लेनदेन से जुड़े सबूत मिले हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

Read More :- Border 2 का बजट 250 करोड़? 3 घंटे 15 मिनट लंबी फिल्म पहले दिन रच सकती है इतिहास