‘गुमनाम है कोई…’ गाने से बढ़ा डर, क्लाइमेक्स ऐसा कि आज भी दिमाग घूम जाए
इन दिनों दर्शकों के बीच थ्रिलर और मर्डर मिस्ट्री फिल्मों का क्रेज तेजी से बढ़ रहा है। वीकेंड पर लोग ऐसी फिल्मों की तलाश में रहते हैं, जो अंत तक बांधे रखें। आज हम आपको एक ऐसी ही फिल्म के बारे में बता रहे हैं, जिसने 61 साल पहले रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया था और आज भी इसे देखकर रोंगटे खड़े हो जाते हैं।
हम बात कर रहे हैं साल 1965 में रिलीज हुई थ्रिलर फिल्म ‘गुमनाम’ की। इस फिल्म का मशहूर गाना ‘गुमनाम है कोई… बदनाम है कोई…’ अपने दौर में लोगों को डराने के लिए काफी था। आज भी जब यह गाना बजता है, तो एक अलग तरह का सस्पेंस और डर महसूस होता है। फिल्म का निर्देशन राजा नवाथे ने किया था और इसमें मनोज कुमार, नंदा, महमूद, प्राण, हेलन और मदन पुरी जैसे दिग्गज कलाकार नजर आए थे।
फिल्म की कहानी 8 लोगों के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक रहस्यमयी और डरावनी हवेली में फंस जाते हैं। यहां एक-एक करके उनकी मौत होने लगती है और हर सीन में सस्पेंस और थ्रिलर बढ़ता जाता है। फिल्म का क्लाइमेक्स दर्शकों की सोच से भी परे है, जो आखिरी तक सांसें रोक देता है।
‘गुमनाम’ को दर्शकों ने इतना पसंद किया कि इसका तमिल में 1984 में रीमेक भी बनाया गया। अपने समय में यह फिल्म सुपरहिट रही और करीब 2.6 करोड़ रुपए की कमाई के साथ उस साल की 8वीं सबसे ज्यादा कमाने वाली फिल्म बनी। आज भी यह फिल्म अमेजन प्राइम वीडियो और यूट्यूब पर उपलब्ध है।
