चार्टर डे पर लायंस क्लब गरिमा का निशुल्क स्वास्थ्य शिविर

लायंस क्लब गरिमा द्वारा आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर में लोगों की स्वास्थ्य जांच करते चिकित्साकर्मी।
चार्टर डे पर लायंस क्लब गरिमा ने नई मंडी परिसर में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया, जिसमें 270 लोगों ने लाभ उठाया।

नई मंडी परिसर में आयोजित शिविर में 270 लोगों ने कराई स्वास्थ्य जांच, ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर एवं वजन की हुई निःशुल्क जांच

गंगापुर सिटी। लायंस क्लब गरिमा ने अपने चार्टर डे के अवसर पर शनिवार को नई मंडी परिसर में निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया। शिविर का आयोजन शिव ओम डायग्नोस्टिक एंड होम कलेक्शन सेंटर के सहयोग से किया गया, जिसमें आमजन के ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर एवं वजन की निःशुल्क जांच की गई।

स्वास्थ्य शिविर में लगभग 270 लोगों ने अपनी स्वास्थ्य जांच कराकर इस जनसेवा अभियान का लाभ उठाया। शिव ओम डायग्नोस्टिक एंड होम कलेक्शन सेंटर की टीम के विशाल पाराशर, गोलू सैनी, निखिल शर्मा एवं सोनू अग्रवाल ने जांच के साथ-साथ लोगों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श भी प्रदान किए।

इस अवसर पर क्लब के चार्टर अध्यक्ष लायन सौरभ बरड़िया, चार्टर सचिव लायन मुकेश राजाराम मीणा, चार्टर कोषाध्यक्ष एवं शिविर संयोजक लायन अमित गोयल उपस्थित रहे और शिविर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

क्लब सचिव लायन वीरेंद्र कुमार आर्य ने बताया कि लायंस क्लब गरिमा समाजहित में समय-समय पर विभिन्न सेवा कार्यों का आयोजन करता रहता है। उन्होंने बताया कि शिविर को सफल बनाने में पूर्व अध्यक्ष लायन कृष्ण कुमार गोयल, लायन मनीष अग्रवाल (सागवान), लायन विनोद कुमार खंडेलवाल एवं लायन विजेंद्र सिरोहिया का विशेष सहयोग रहा।

कार्यक्रम के समापन पर क्लब पदाधिकारियों ने शिव ओम डायग्नोस्टिक एंड होम कलेक्शन सेंटर की टीम, सहयोगियों एवं शिविर में पहुंचे नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी सेवा कार्य निरंतर आयोजित करने का संकल्प दोहराया।