महावीर भवन स्थानक में चातुर्मास 28 से प्रारंभ

महावीर भवन स्थानक में चातुर्मास के अवसर पर प्रवचन देती महासती श्री सरलेशप्रभा जी।
महावीर भवन स्थानक में महासती श्री सरलेशप्रभा जी के सान्निध्य में 28 जुलाई से चातुर्मास प्रारंभ होगा।

महासती श्री सरलेशप्रभा जी के सान्निध्य में चार माह तक होंगे प्रवचन, तप, आगम पाठ एवं धार्मिक आयोजन

गंगापुर सिटी। श्री जैन रत्न श्रावक संघ के अध्यक्ष राजीव पल्लीवाल ने बताया कि 28 जुलाई 2026 से प्रारंभ हो रहे पावन चातुर्मास के लिए पूज्य आचार्य 1008 श्री हीराचंद जी महाराज एवं भावी आचार्य श्री महेंद्रमुनि की आज्ञानुवृति में मधुर व्याख्यात्री महासती श्री सरलेशप्रभा जी महाराज साहिबा सहित ठाना-3 का चातुर्मास महावीर भवन स्थानक, शहर को प्रदान किया गया है। आगामी चार माह तक धर्म आराधना, तपस्या, स्वाध्याय एवं आध्यात्मिक साधना के विविध आयोजन होंगे।

चातुर्मास के पूर्व दिवस 27 जुलाई को आयोजित प्रवचन में महासती श्री सरलेशप्रभा जी ने कहा कि चाहे श्वेतांबर हों या दिगंबर, श्रीमाल हों या ओसवाल, सभी भगवान महावीर के अनुयायी हैं। उन्होंने भगवान महावीर के “जियो और जीने दो” के संदेश को जीवन में अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि चातुर्मास के दौरान विशेष रूप से यह संकल्प लें कि हमारे मन, वचन और काया से किसी भी जीव को कष्ट न पहुंचे। उन्होंने श्रद्धालुओं से प्रतिदिन प्रवचन सुनने, दर्शन-वंदन करने एवं जिनवाणी को जीवन में आत्मसात करने का आग्रह किया।
धार्मिक आध्यात्मिक शिक्षण बोर्ड जोधपुर के प्रचार प्रसार संयोजक हेमन्त कुमार जैन बताया कि महावीर भवन स्थानक में प्रतिदिन प्रातः 8:45 से 9:45 बजे तक प्रवचन, दोपहर 2:00 बजे धार्मिक चर्चा, आगम पाठ एवं धार्मिक प्रतियोगिताएं, तथा सायं 7:00 बजे प्रतिक्रमण का आयोजन किया जाएगा।

श्री जैन रत्न श्रावक संघ ने सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में चातुर्मास के आयोजनों में सहभागी बनकर महासती श्री के दर्शन एवं जिनवाणी का लाभ लेने की अपील की है।